कांग्रेस से हर वर्ग दुखी

By: Jul 3rd, 2017 12:10 am

newsनूरपुर —  भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा के तहत रविवार को नूरपुर हलके में कार्यक्रम हुआ, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।  कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री एवं कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के परिवर्तन रथ यात्रा प्रभारी कृपाल परमार, उपाध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज, भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के महामंत्री एवं नूरपुर हलके के भाजपा नेता रणवीर सिंह निक्का भी मौजूद थे। इस अवसर पर नूरपुर के निकट बौड़ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। इस सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए भाजपा ने परिवर्तन रथ यात्रा शुरू की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। भाजपा सरकार बनने पर शिक्षा प्रणाली बेहतर कर मूलभूत शिक्षा सुविधाएं देकर रूसा को खत्म किया जाएगा। इस सरकार से किसान- बागबान, कर्मचारी व पेंशनर्ज वर्ग सहित हर वर्ग दुखी है। केंद्र की भाजपा सरकार के विकास गंगा बहाई है। प्रदेश में केंद्र ने नेशनल हाई-वे मंजूर किए, जिस पर 63 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे परंतु प्रदेश सरकार इसमें सहयोग नहीं कर रही। पीएम नरेंद्र मोदी के मन में हिमाचल के लिए बेहद लगाव है और उन्होंने अमरीका दौरे के दौरान अमरीका के राष्ट्रपति को हिमाचली उत्पाद भेंट कर हिमाचली बाजार को विश्व के लिए खोल दिया,  जो कि प्रदेश के लिए सम्मान की बात है।  इससे पहले भाजपा महामंत्री रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार से लोगों का मोह भंग हो चुका है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नूरपुर हलके में विकास कार्य ठप पड़े हैं और स्थानीय विधायक इस हलके का विकास करवाने में असफल रहे हैं।  इस मौके पर कृपाल परमार व डा. राजीव भारद्वाज ने भी जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ संयोजक घनश्याम शर्मा, भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, उपाध्यक्ष डा. सतीश शर्मा, भाजयुमो के प्रदेश सचिव पंकज हैप्पी सहित कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। रणवीर सिंह निक्का ने कंडवाल में किया जोरदार स्वागत भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा का कंडवाल से शुभारंभ हुआ। इस मौके पर नूरपुर हलके के भाजपा नेता  ठाकुर रणवीर सिंह निक्का ने मुख्यातिथि प्रेम कुमार धूमल का जोरदार स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App