सुशील शिंदे हिमाचल कांग्रेस प्रभारी

By: Jul 23rd, 2017 12:04 am

newsनई दिल्ली, शिमला — पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री रहे सुशील कुमार शिंदे को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को ही प्रदेश कांग्रेस की पूर्व प्रभारी अंबिका सोनी ने अपना पद छोड़ने की सिफारिश कांग्रेस हाइकमान से की थी, जिसके बाद यह भी साफ हो गया था कि सुशील कुमार शिंदे को हिमाचल का प्रभार मिलेगा। शनिवार को कांग्रेस हाइकमान ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। सुशील कुमार शिंदे के साथ बिहार की लोकसभा सांसद रंजीत रंजन को हिमाचल का सह प्रभारी बनाया गया है। दोनों की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जनार्द्धन दिवेदी ने आदेश पत्र जारी किया है। प्रदेश कांग्रेस को भी इसकी सूचना भेज दी गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुशील कुमार शिंदे और रंजीत रंजन को हिमाचल की जिम्मेदारी दिए जाने पर खुशी व्यक्त की है और दोनों नेताओं का स्वागत किया है। जल्दी ही सुशील कुमार शिंदे और रंजीत रंजन हिमाचल आएंगे। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कुछ महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने हैं और यह चुनाव शिंदे के नेतृत्व में ही कांग्रेस यहां पर लड़ेगी। सुशील शिंदे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और संगठन का उनके पास बड़ा अनुभव है। उनकी नियुक्ति से हिमाचल में कांग्रेस और अधिक सक्रिय होने की उम्मीद है, क्योंकि इससे पहले अंबिका सोनी हिमाचल नहीं आती थीं, जिससे संगठन पर भी विपरीत असर पड़ रहा था। नई नियुक्ति से कांग्रेस में नए सिरे से जान आएगी। कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने उनकी नियुक्ति की पुष्टि की है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App