हणोगी के पास फिर दरका पहाड़

By: Jul 23rd, 2017 12:20 am

महत्त्वपूर्ण सड़क पर हफ्ते में तीसरी बार भू-स्खलन, 16-17 जुलाई को मंदिर पर गिरी थीं चट्टानें

newsमंडी— मंडी के हणोगी के पास पहाड़ दरकने का सिलसिला जारी है। अब शनिवार सुबह बारिश के बीच डयोग में भू-स्खलन हो गया। हालांकि गनीमत यह रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन किस्मत हर बार मेहरबान होगी, अब यहां सफर करना जान हथेली पर ले जाने जैसा हो गया है। बता दें कि एक हफ्ते के बीच चंडीगढ़-मनाली एनएच 21 में पंडोह से औट तक के क्षेत्र में तीसरी बार यह पहाड़ी दरकी है। ऐसे में उक्त सफर में कितना खतरा बना रहता है, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। 16 जुलाई को भरभराकर पहाड़ से गिरी चट्टानें सीधा हणोगी माता मंदिर पर आ गिरी थीं। इस हादसे में हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ था। इसके एक दिन बाद फिर पहाड़ दरका था और उसी क्षेत्र के समीप अब शनिवार सुबह डयोग में भू-स्खलन हो गया। ऐसे में बार-बार दरकते पहाड़ का तोड़ ढूंढने में फिलहाल कोई भी कामयाब नहीं हो पाया है। तीन साल पहले भी हणोगी माता मंदिर के पास ही जबरदस्त भू-स्खलन हुआ था। इसमें एक गाड़ी पूरी तरह मलबे में दब गई थी। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन कब क्या बड़ी अनहोनी हो जाए, इस बात की कोई गारंटी नहीं है। वहीं, सात दिसंबर, 2015 को भी दुआड़ा के पास पहाड़ी गिरी थी। पंडोह से औट तक के सफर के बीच बरसात में भू-स्खलन के चलते कई मर्तबा एनएच ठप हो चुका है। गनीमत सिर्फ इतनी है कि अभी तक कोई जान नुकसान नहीं हुआ। पंडोह से औट तक के बीच खतरा हर पल बना रहता है। हालांकि ऐसा नहीं है कि सिर्फ बरसात में ही यहां पहाड़ी दरकने का खतरा बना रहता है। 2015 में दिसंबर के महीने में भी दुआड़ा के पास भारी भू-स्खलन हुआ था। वहीं सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने सैलानियों व श्रद्धालुओं को यहां से जाने की हिदायत दी है।

 मंदिर किया बंद

पंडोह — शनिवार को हुई बारिश के बीच हणोगी मंदिर के सामने पहाड़ी से छोटे-छोटे पत्थर गिरने शुरू हुए। इसके तुरंत बाद एहतियातन मंदिर को आधे घंटे के लिए बंद कर दिया गया। मंदिर अधिकारी तहसीलदार रमेश सिंह राणा ने बताया कि शनिवार दोपहर 12 बजे के करीब हल्की बारिश में छोटे-छोटे पत्थर आना शुरू हुए थे। इसके बाद तुंरद करीब आधे घंटे के लिए मंदिर को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App