अकेले ही रोप दिया पूरा जंगल

By: Aug 19th, 2017 12:02 am

ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से पूरी दुनिया चिंतित है। कुछ लोग जहां इस समस्या से बचाव के लिए सिर्फ प्लान बना रहे हैं, वहीं कुछ लोग सीधा एक्शन लेने में विश्वास रखते हैं। इसी एक्शन का एक सटीक उदाहरण हैं भारत के जादव पयेंग। असम के रहने वाले जादव ने पूरी दुनिया के सामने मिसाल पेश की है। उन्होंने एक पूरा जंगल ही उगा डाला। असम में मौजूद माजुली आइलैंड को नदी पर बना दुनिया का सबसे बड़ा आइलैंड कहा जाता है। 1979 में वैज्ञानिकों ने घोषणा की थी कि अगले 20 साल में यह आइलैंड पानी में समा जाएगा। उस वक्त जादव मात्र 16 साल के थे। उन्होंने इस बात को झुठलाने का फैसला किया। तब से लेकर अगले 38 साल तक उन्होंने यहां हर दिन पेड़ लगाना शुरू किया। उनके अनुसार, पेड़ लगाने से मिट्टी पानी से कटेगी नहीं और आइलैंड बचा रहेगा। साथ ही जंगल बनने से जानवर भी अपने घरों में लौट आएंगे। हर दिन पेड़ लगाने का नतीजा सभी को 40 साल बाद दिखा, जब माजुली घने जंगलों से भर गया। लोगों को यकीन नहीं हुआ कि एक इनसान ने पूरे आइलैंड को डूबने से बचा लिया। उन्होंने माजुली में करीब 1400 एकड़ जमीन में जंगल उगाया है। अब इन जंगलों में कई जानवर रहते हैं। साल 2013 में जादव की लाइफ पर एक डाक्यूमेंटरी बनाई गई थी। इसका नाम फोरेस्ट मैन रखा गया था। इसमें उनकी पूरी जिंदगी और इस काम में आई अड़चनों को बखूबी दिखाया गया था। इस फिल्म को 2014 के कांस फिल्म फेस्टिवल में भी अवार्ड मिला था। अब जादव को दुनिया भर के लोग फोरेस्ट मैन के नाम से जानते हैं। ब्रह्मपुत्र नदी पर बने इस आइलैंड पर करीब डेढ़ लाख लोग रहते हैं। वैसे तो यह जगह काफी खूबसूरत है, लेकिन बाढ़ की वजह से हर साल यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। समय के साथ इस आइलैंड का दायरा छोटा होता जा रहा है, लेकिन जादव की कोशिशों की वजह से आज यहां कई तरह के जंगली जानवर रहते हैं। वह जगह जो डूबने वाली थी, आज भी लोगों की नजरों के सामने है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App