आंखों के सामने मेहनत उजड़ते देख रहे किसान

By: Aug 28th, 2017 12:05 am

घनारी में उत्पाती बंदरों ने खेती छुड़वाने के लिए किए मजबूर, हमला करने से दहशत

घनारी —  घनारी तहसील के अंतर्गत बंदरों के आतंक ने किसान को खेती छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया है। क्षेत्र में कई किसान खेती करना छोड़ चुके हैं। कभी सोना उगलने वाली जमीन अब बंजर बनने की कगार पर पहुंच चुकी हैं, जिसका नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। हालांकि सरकार व प्रशासन भी इस समस्या से भलीभांति अवगत है, लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लगातार बंदरों की समस्या बढ़ती जा रही है। बंदर अब खेतों के बजाय रिहायशी घरों की ओर अपना रुख कर रहे हैं। यहां तक कि अब लोगों पर हमला कर रहे हैं। किसानों की आंखों के सामने ही खेती को नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन मजबूर किसान अपनी आंखों के सामने अपनी फसल उजड़ने के अलावा कुछ नहीं कर पाता है। हालांकि चुनावों के नजदीक आते ही राजनीतिक दलों के नुमाइंदे भी इस समस्या से निजात दिलाने के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन धरातल पर सभी दावे खोखले साबित हो जाते हैं।  इसका खामियाजा किसान वर्ग को भुगतना पड़ता है। बंदर फसलों के साथ ही फलदार पौधों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। सरकार को इस ओर उचित कदम उठाने चाहिए।

सरकार के प्रयास असफल

किसान विक्की का कहना है कि सरकार बंदरों की बढ़ती समस्या से भलिभांति अवगत है। सरकार द्वारा समस्या समाधान के लिए प्रयास किए गए, लेकिन सभी प्रयास असफल साबित हुए हैं। सरकार व प्रशासन की कोताही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस ओर उचित कदम उठाने चाहिए।

फसल बचाने के लिए दे रहे पहरा

किसान राजेश कुमार का कहना है कि कुछ एक खेतों में मक्की की बीजाई की गई है। फसल को बचाने में परिवार के एक सदस्य को खेतों की रखवाली करनी पड़ती है। उन्होंने बाकी जमीन पर खेती करना छोड़ दिया है।

घरों में भी मचा रहे उत्पात

किसान जीवन ने कहा कि बंदरों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बंदर अब रिहायशी मकानों की ओर अपना रूख कर रहे हैं, लेकिन इस समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। भविष्य में यह समस्या और गंभीर रूप धारण कर लेगी।

जंगलों में लगाए जाएं फलदार पौधे

किसान राजेश का कहना है कि बंदर भोजन की तलाश में गांव का रुख कर रहे हैं। अगर सरकार द्वारा जंगलों में फलदार पेड़ लगाए जाएं तो कुछ हद तक इस समस्या का समाधान हो सकता है। फलदार पौधे लगाने से वन्य जीवों को जंगल मे ही पर्याप्त भोजन मिल जाएगा, जिससे वह किसानों की फसलों को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। सरकार व प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App