कोठी के सपूत रेवत सिंह को मिलेगा सेना मेडल

By: Aug 24th, 2017 12:01 am

लडभड़ोल —  भारतीय सैनिक देश की रक्षा के लिए अपने कर्त्तव्य को बहुत बहादुरी से निभाते हैं। इसी बहादुरी के लिए उन्हें विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। इसी कड़ी में लडभड़ोल की तुलाह पंचायत के कोठी गांव के सैनिक रेवत सिंह महर को उनकी बहादुरी के लिए सेना मेडल से सम्मानित किया जाएगा। भारत सरकार द्वारा हर वर्ष 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या में मेडल पाने वाले सैनिकों की सूची जारी की जाती है। इस सूची में कोठी गांव के निवासी सैनिक रेवत सिंह का नाम सेना मेडल के लिए शामिल किया गया है। एक राष्ट्रीय रायफल में कार्यरत कोठी गांव के रेवत सिंह और उसके अन्य साथियों ने 12 फरवरी, 2017 को कश्मीर के कुलगाम में आंतकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में चार आतंकवादियों को मार गिराया था। इस हमले में भारतीय सेना के दो जवान भी शहीद हुए थे। मुठभेड़ में रेवत सिंह की टांग पर गोली लगी थी। इसके बावजूद वह लड़ते रहे।  इसी बहादुरी के लिए रेवत सिंह को सेना मेडल से सम्मानित किया जाएगा। रेवत सिंह  वर्तमान में कश्मीर के उरी सेक्टर में सेवाएं दे रहे हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App