चुनावी घोषणा पत्रों में स्पष्ट करें खेल कार्यक्रम

By: Aug 4th, 2017 12:02 am

भूपिंदर सिंह

लेखक, राष्ट्रीय एथलेटिक प्रशिक्षक हैं

भूपिंदर सिंहराज्य के इन राजनीतिक दलों के घोषणा पत्रों में इस बार क्या खेलों का जिक्र होगा?  हिमाचल प्रदेश के पास जो इस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधा है, उसके उपयोग के लिए वहां खेल छात्रावास बनाकर क्या प्रदेश के चुनिंदा खिलाडि़यों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रबंध होगा…

शिक्षा की तरह ही खेल भी राज्य सूची का विषय है। वैसे तो राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों को जब देखते हैं, तो यह केंद्रीय सूची का विषय लगता है, क्योंकि खेल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जब खेलें जाते हैं तो उसमें किसी देश की टीम खेल रही होती है और उस देश की तरक्की, खुशहाली तथा तकनीकी क्षमता पदकतालिका में साफ पता चलती है। इसलिए वर्षों से खेलों को समवर्ती सूची में डालने की बात जरूर होती है। चोल जब आज राज्य सूची का विषय है, तो उसका प्रचार-प्रसार भी राज्य सरकार का जिम्मा हो जाता है। वैसे भी शिक्षा का अर्थ मानव का संपूर्ण शारीरिक व मानसिक विकास करना है, जिससे इनसान अपने जीवन को भविष्य में आसानी से सम्मानपूर्वक जी सके। मगर आज विभिन्न प्रकार के नशे जब किशोर अवस्था से ही विद्यार्थी को आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, तो ऐसे में उसके शारीरिक विकास की बात अधूरी रह जाती है।

आज के युग में विद्यालय स्तर से ही ऐसी खेल नीति हो, जिसके चलते हर विद्यार्थी किसी न किसी खेल के माध्यम से अपनी शारीरिक गतिविधियां जारी रखकर अच्छा स्वास्थ्य प्राप्त कर सके। इसके साथ जिन विद्यार्थियों में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने की क्षमता है, उनके लिए ऐसा वातावरण हो कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे चलकर देश का नाम रोशन कर सकें। हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष के अंत तक नई सरकार बनने के लिए विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। चुनावों से पहले हर राजनीतिक दल अपना-अपना घोषणा पत्र जारी करता है। इस घोषणा पत्र में वह विभिन्न क्षेत्रों में क्या सुधार व उत्थान करेगा, उसका पूर्ण ब्यौरा लिखा होता है। इस बार क्या विभिन्न राजनीतिक दल हिमाचली खेलों के उत्थान में अपनी भूमिका तय करने के लिए अपने घोषणा पत्र में खेलों का जिक्र करेंगे? भारतीय जनता पार्टी ने अपने दल में जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खेल प्रकोष्ठ बनाकर रखा है। प्रेम कुमार धूमल ने अपने कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में खेल उत्थान के लिए अति आधुनिक खेल ढांचा खड़ा किया। हमीरपुर के सांसद भी खेल से ही राजनीति तक पहुंचे हैं। कांग्रेस में रामलाल ठाकुर एक ऐसे नेता रहे हैं, जिनका योगदान हिमाचल की खेलों को अपने कार्य काल में आगे बढ़ाने के लिए याद किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश में इस समय पड़ोसी राज्यों से नशे का चलन पहुंच चुका है। हिमाचली युवा तो युवा किशोर तक इसकी चपेट में आ रहे हैं। प्रदेश में हर दिन किसी न किसी कोने से नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ी जा रही है। और तो और स्कूलों में तलाशी के दौरान विद्यार्थियों से भी मादक पदार्थ पकड़े गए हैं। ये हालात प्रदेश के हर वासी की चिंताओं बढ़ाने वाले हैं।  ऐसे में सरकार का कर्त्तव्य और भी बढ़ जाता है कि वह कैसे अपने मानव संसाधन को इससे बचाकर प्रदेश व देश उत्थान में लगाए। हिमाचल के अभिभावक आगामी सरकार से अपेक्षा रखते हैं कि वह ऐसा वातावरण दे, जिससे खेल के साथ-साथ स्वस्थ नागरिक भी प्रदेश व देश को मिल सके। हिमाचल में इस समय भाजपा व कांग्रेस ही दो ऐसे दल हैं, जो बारी-बारी सरकार बना रहे हैं। राज्य में छात्र राजनीति को देखा जाए तो इन दो दलों के बावजूद एसएफआई जो सीपीएम की छात्र इकाई है, हिमाचल में अपना वजूद रखती है। राज्य के इन राजनीति दलों के घोषणा पत्रों में इस बार क्या खेलों का जिक्र होगा? प्रदेश में खेलों के उत्थान के लिए क्या कार्यक्रम होगा, इसका विवरण क्या राजनीतिक दल इस बार अपने-अपने घोषणा पत्र में देंगे। हिमाचल प्रदेश के पास जो इस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधा है, उसके उपयोग के लिए वहां खेल छात्रावास बनाकर प्रदेश के चुनिंदा खिलाडि़यों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रबंध होगा?

पंजाब की तरह क्या राज्य खेल संस्थान का गठन कर खेल प्रतिभाओं को उचित मंच दिया जाएगा? राज्य के विद्यालयों में सवेरे की सभा में शारीरिक क्रियाओं को विशेष स्थान दिलाया जाएगा? हर कक्षा के लिए एक खेल पीरियड होगा और उसमें हर विद्यार्थी को कोई न कोई शारीरिक क्रिया खेल के माध्यम से अनिवार्य होगी। क्या यह सब सुनिश्चित करवाया जाएगा? अगर इस तरह की घोषणा कर और बाद में सरकार बनने पर इसे लागू करवाने वाली सरकार जहां हिमाचली युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगे को सबसे ऊपर उठाकर जन-गण-मन पूरे विश्व को सुना सकती है, वहीं देश व प्रदेश को भविष्य के स्वस्थ नागरिक दिलाने में कामयाब होगी।

ई-मेल : penaltycorner007@rediffmail.com

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App