चोटी काटने के शक में पिटाई

By: Aug 20th, 2017 12:02 am

पांच भिखारियों पर टूट पड़ी भीड़, महिला की मौत

साहेबगंज (झारखंड) — झारखंड के राधानगर गांव में शनिवार सुबह चोटी काटने वाले गिरोह के शक पर पांच भिखारियों की लोगों ने जमकर पिटाई की। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि नौ साल का एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हालात, तब और बिगड़ गए जब मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया। इसमें बड़हरवा थाने के एसआई कपिल देव केसरी को भी चोट आई है। इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। तनाव बना हुआ है। बता दें कि पिछले दिनों से झारखंड, मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ये घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दरअसल, गांव में एक लड़की की चोटी कटने की बात सामने आई। इसे लेकर गांव में हंगामा हुआ। इसी दौरान पांच भिखारियों के बारे में किसी ने गांव वालों को बताया। लोगों को शक हुआ कि ये लोग चोटी काटने वाले गिरोह के मेंबर हैं। इसके बाद लोगों ने लाठी-डंडे से इन्हें मारना शुरू कर दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फौरन भिखारियों को भीड़ से छुड़ाया और हास्पिटल लेकर पहुंची। यहां डाक्टर्स ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिटाई से नौ साल का बच्चा जख्मी हो गया। पुलिस को उन्हें भीड़ से छुड़ाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। साहेबगंज के एसपी पी मुरगन ने बताया कि भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया है। तनाव बढ़ने पर दो थाने से पुलिस बल को मौके पर भेजा गया, तब लोग कंट्रोल हो सके। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App