‘जय कन्हैया लाल की’ से गूंजी हिल्स क्वीन

By: Aug 16th, 2017 12:10 am

newsशिमला  —  कृष्ण जन्मोत्सव पर राजधानी शिमला पूरी तरह से कान्हा के भक्ति रस में रंगी हुई नजर आई। चारों ओर मंदिरों से निकलने वाले भगवान श्रीकृष्ण के जयघोषों से पूरा शिमला गूंजायमान हुआ। मंदिरों में भक्तों ने प्रभु की महिमा का गुणगान किया। हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल से भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव को बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। शहर के सभी मंदिरों को इस पर्व के लिए भव्य तरीके से सजाया गया। फूलों और लाइटों से मंदिरों को रोशन कर सुबह से रात 12 बजे तक कृष्ण जन्म का उत्सव मनाया गया। जन्माष्टमी पर सुबह आठ बजे से ही शहर के मंदिरों में भक्तों की भीड़ भगवान श्री कृष्ण की पूजा-आराधना के लिए उमड़ी। मंदिरों में शहर की धर्म सभाओं ने भजन कीर्तन के कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसमें बाहर से बुलाई गई भजन मंडलियों के साथ-साथ स्थानीय भजन मंडलियों ने भी प्रभु की महिमा का गुणगान किया। जन्माष्टमी का मुख्य आयोजन श्री सनातन धर्म सभा द्वारा गंज बाजार में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में किया गया। मंदिर में वृन्दावन से आए पं.विनोद शर्मा, पं. राजीव भाटिया ने भजनों की प्रस्तुतियां दी। वहीं यमुनानगर से आई कथा व्यास चरणानुरागी दीदी, होशियारपुर से आए आचार्य पुष्पिंद्र ने कथा वाचनकिया।

लक्कड़ बाजार में फ्रूट चाट का भंडारा

राजधानी शिमला में लक्कड़ बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर भजन कीर्तन का आयोजन रात 12 बजे तक चला। सभा की ओर से रात को भंड़ारा भी लगाया गया, जिसमें सभी भक्तों को फ्रूट चाट और  दूध बांटा गया। रात भर कृष्ण जन्म का  उत्सव धूमधाम से मनाया गया।

उपनगर के मंदिरों में पर्व की खूब धूम

शिमला के मुख्य मंदिरों के साथ ही शिमला शहर के उपनगरों में भी जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मानाया गया । बालूगंज स्थित गोपाल मंदिर, संजौली, छोटा शिमला, कुसुम्पटी, विकासनगर में स्थित सभी मंदिरोें में जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया।

मंदिरों में बांटा माखन -मिसरी का भोग

शहर के सभी कृष्ण मंदिरों में जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण को प्रिय माखन मिसरी का भोग लगाया गया। भक्तों को भी प्रसाद के रूप में माखन-मिसरी का भोग बांटा गया।

जन्माष्टमी पर्व पर मंदिरों में आस्था की भीड़

शोघी— श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर क्षेत्र के मंदिरों में सोमवार के चलते भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। एक तो शिववार सोमवार, दूसरा श्रीकृष्ण भगवान शिव का ही स्वरूप और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का अलग ही महत्त्व है। शोघी रेलवे स्टेशन के समीप पौराणिक अरुणोदय आश्रम के पच्चमुखी महादेव मंदिर में सुबह तड़के से ही भक्तों की पूजा-अर्चना को लाइनें ंलगनी शुरू हो गई थीं। वहीं तारा देवी जंगल के पौराणिक शिव मंदिर, सकंटमोचन हनुमान मंदिर, महुनाग देवता शगिल, दुःखभजन हनुमान मंदिर तारा देवी, बड़ा ठाकुर द्वारा हनुमान मंदिर, बाबा बालक नाथ वाकनाघाट, अंधामोड़ के शिव मंदिरों में भी भारी भीड़ उमड़ी।

पौधारोपण करमनाई जन्माष्टमी

शिमला— श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ शिमला, वन वृत्त शिमला के प्रधान दिनेश शर्मा ने अपने पैतृक गांव मौंड-कुफर में 25 देवदार के पौधे रोपे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App