डेट्रॉयट में निकल रही रहस्यमयी आवाजें

By: Aug 19th, 2017 12:05 am

डेट्रॉयट शहर में बहती नदी के पास से आती रहस्यमयी आवाजों ने लोगों को दहशत से भर दिया है। कभी छोटी गड़गड़ाहट जैसी और कभी बड़े इंजन जैसी लगने वाली ये आवाजें बीते सात सालों से लोगों को परेशान किए हुए हैं। अब यह आवाजें असहनीय हैं…

अगर यह कहा जाए कि दुनिया अपने आप में ही एक रहस्य है, तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। दुनिया कहां से शुरू होती है और कहां पर खत्म होती है, यह रहस्य अभी तक सुलझाया नहीं जा सका है। इसके अलावा भी दुनिया में कई रहस्य हैं जो लोगों को आश्चर्यचकित करते रहे हैं। इन रहस्यों को सुलझाने की लाख कोशिशें हो चुकी हैं, लेकिन समाधान अभी तक नहीं निकला है। इसके कारण मानव जाति की जिज्ञासा बढ़ती ही जा रही है। आज हम एक ऐसे ही रहस्य की बात करने जा रहे हैं जो अमरीकी शहर डेट्रॉयट से जुड़ा है। इस शहर में बहती नदी के पास से आती रहस्यमयी आवाजों ने लोगों को दहशत से भर दिया है। कभी छोटी गड़गड़ाहट जैसी और कभी बड़े इंजन जैसी लगने वाली ये आवाजें बीते सात सालों से लोगों को परेशान किए हुए हैं। हाल के महीनों में ये आवाजें असहनीय स्तर तक पहुंच चुकी हैं। 62 साल के स्थानीय नागरिक माइक प्रोवोस्ट ने बताया कि यह अविश्वसनीय है। मैंने कभी इस तरह की आवाज नहीं सुनी। लोगों ने इन आवाजों को लेकर अलग-अलग तरह की थ्योरीज पैदा कर दी हैं। जहां कुछ लोग इसे उड़नतश्तरियों (यूएफओ) से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं कुछ लोग इन आवाजों को मिलिट्री एक्टिविटी से जुड़ा बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसका असर देखा जा रहा है। एक लाख 40 हजार लोगों का एक ग्रुप फेसबुक पर बनाया गया है जिसमें लोग अपनी बेचैनी को शेयर कर रहे हैं। प्रोवोस्ट ने कहा कि हर किसी की अपनी एक कहानी है। यह पहली बार नहीं है जब इस आवाज ने 2 लाख 10 हजार लोगों की कम्युनिटी को गुस्से से भर दिया हो। 2012 में 22 हजार से भी ज्यादा लोगों ने एक फोन कॉन्फ्रेंस में आवाजों को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर की थीं। कुछ ने चिंता जताई कि इससे प्रेग्नेंसी पर असर पड़ सकता है। कनाडा सरकार की स्टडी के मुताबिक यह आवाजें जग आईलैंड में अमरीकन इंडस्ट्रियल एरिया की हो सकती हैं। यह इंटरनेशनल ब्रिज के पास स्थित है जो विंडसर और डेट्रॉयट शहर को अलग करता है। हालांकि अनुसंधानकर्ता अपनी खोज को सत्यापित कर पाने में नाकाम रहे लेकिन स्टडी ने अमरीका और कनाडा के सांसदों के बीच कूटनीतिक तनाव जरूर बढ़ा दिया। यह मसला कब सुलझेगा तथा इन आवाजों के रहस्य की परतें कब खुलेंगी, इसके बारे में फिलहाल कुछ कहना अति कठिन लग रहा है। अब इस शहर में भयभीत लोगों को यही समझाया जा रहा है कि वे भयभीत न हों तथा इन आवाजों की ओर ध्यान मत दें। लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन की ओर से जागरण अभियान चलाए जा रहे हैं। इस तथ्य से एक अन्य बात भी साबित होती है। वैसे कहा तो यह जाता है कि इस तरह की रहस्यमयी चीजें केवल परंपरागत समाज में होती हैं, लेकिन अमरीका जैसे आधुनिक समाज में भी इस तरह की घटनाएं हो जाना यह साबित करता है कि रहस्यमयी चीजों से वह भी अछूता नहीं है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App