नेपाल-भूटान पहुंचा हिमाचली सेब

By: Aug 20th, 2017 12:15 am

अब तक मंडियों से विदेश भेजी जा चुकी हैं 15 हजार पेटियां

newsसोलन — हिमाचली सेब इस वर्ष न केवल देश भर में, बल्कि विदेशों में भी धूम मचा रहा है। नेपाल व भूटान में हिमाचली सेब की सबसे अधिक डिमांड है। इस सीजन में अब तक करीब 15 हजार सेब पेटियां विदेश भेजी जा चुकी हैं। डिमांड अधिक होने की वजह से बागबानों को रेट भी अच्छा मिल रहा है। जानकारी के अनुसार इस वर्ष प्रदेश में सेब का बंपर उत्पादन हुआ है। शिमला, किन्नौर, मंडी, कुल्लू  के बागबानों को सेब ने मालामाल कर दिया है। मार्केट कमेटी सोलन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इन दिनों परवाणू व सोलन में प्रतिदिन औसतन 25 हजार सेब पेटियां  पहुंच रही हैं। सीजन में अब तक दस लाख सेब की पेटियां पहुंच चुकी हैं, जिसमें से चार लाख पेटियां सोलन मंडी में व छह लाख पेटियां परवाणू स्थित टर्मिनल मंडी पहुंची हैं। दोनों मंडियों में अब तक करीब 170 करोड़ रुपए का व्यवसाय हो चुका है। रायल डेलीसियस सेब की सबसे अधिक डिमांड है और यही वैरायटी नेपाल और भूटान भेजी जा रही है। मंडी में इस वर्ष रायल सेब की पेटी 2200 रुपए, गोल्डन सेब की पेटी 700 से 1000 और रेड गोल्ड की 600 से 900 रुपए में पेटी बिक रही है। संभावना जताई जा रही है कि सेब व्यवसाय 500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर सकता है। मार्केट कमेटी  के सचिव प्रकाश कश्यप का कहना है कि इस वर्ष हिमाचली सेब की डिमांड नेपाल व भूटान में काफी अधिक है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App