प्याज हुआ और तीखा, सेब कारोबार फीका

By: Aug 24th, 2017 12:02 am

मैदानी राज्यों में भारी बारिश से फल-सब्जियों की कीमतों पर भी असर

सोलन — देश के मैदानी राज्यों में आई बाढ़ का असर हिमाचल प्रदेश में भी दिखने लगा है। महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश से आ रही प्याज की सप्लाई में 50 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। इस वजह से मात्र एक सप्ताह में प्याज का रेट दोगुना हो गया है। इसी प्रकार कई राज्यों में सेब की सप्लाई भी बाढ़ की वजह से रुक गई है। एक सप्ताह के दौरान सेब के रेट में भी 500 रुपए तक की गिरावट दर्ज की गई है।  जानकारी के अनुसार देश के उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और  महाराष्ट्र में मानसून अपना कहर भरपा रहा है। उत्तर व दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून  की वजह से भारी तबाही हुई है। मानसून के इस कहर का असर हिमाचल प्रदेश की आम जनता और सेब बागबानों पर काफी अधिक हुआ है। बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 150 से 200 टन प्याज की सप्लाई महाराष्ट्र, दिल्ली और मध्य प्रदेश से होती है। अधिकतर प्याज दिल्ली मंडी के माध्यम से हिमाचल की विभिन्न मंडियों में पहुंचता है, लेकिन प्याज के सबसे बड़े उत्पादक राज्य महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में इन दिनों बाढ़ ने अपना कहर बरपाया है। बाढ़ की वजह से इन राज्यों से प्याज की सप्लाई पर काफी अधिक असर पड़ा है। यही वजह है कि मात्र एक सप्ताह में प्याज का रेट 20 रुपए प्रतिकिलो से बढ़कर 40 रुपए प्रतिकिलो तक पहुंच गया है। इसी प्रकार मैदानी राज्यों में बाढ़ की वजह से सेब उत्पादक भी प्रभावित हुए हैं। हिमाचल का सेब यूपी, बिहार, आसाम, महाराष्ट्र  सहित कई राज्यों में सप्लाई हो रहा है। इन राज्यों में बाढ़ आने की वजह से सेब के ट्रक कई दिनों तक रास्ते में ही फंसे रहते हैं।  2200 रुपए प्रति पेटी के हिसाब से बिकने वाला रायल डीलिसियस सेब इन दिनों 1700 रुपए प्रति पेटी तक बिक रहा है। अचानक से रेट में 500 रुपए की गिरावट आने की वजह से बागबानों को काफी अधिक झटका लगा है। इन दिनों सेब का सबसे अधिक उत्पादन करने वाला हिमाचल देश का इकलौता राज्य है। ऐसे में यदि सेब का रेट कम होता है तो बागबानों के खून-पसीने की कमाई बाढ़ की भेंट चढ़ सकती है। अच्छे रेट के चक्कर में कई बागबान सेब लेकर सीधे दिल्ली मंडी में जा रहे हैं, लेकिन यहां पर भी रेट काफी कम मिल रहा है। सेब के रेट में अचानक से आ रही गिरावट ने बागबानों की चिंता बढ़ा दी है। मार्केट कमेटी सोलन के सचिव प्रकाश कश्यप का कहना है बाहरी राज्यों से प्याज की सप्लाई काफी कम आ रही है, जिस वजह से रेट लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मैदानी राज्यों में बाढ़ आने की वजह से सेब के रेट में भी गिरावट आ रही है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App