रत्ती अस्पताल में फिर हंगामा

By: Aug 20th, 2017 12:05 am

नेरचौक – रत्ती अस्पताल में एक बार फिर डाक्टर पर मरीज का इलाज न करने का आरोप लगा है। शुक्रवार रात बुखार से पीडि़त उपचार के लिए लाई गई अढ़ाई वर्षीय बच्ची के चाचा और डाक्टर के बीच हुई नोकझोंक और उसके बाद घटे घटनाक्रम के बाद शनिवार को बल्ह भाजपा ने नेरचौक बाजार और रत्ती में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि रत्ती अस्पताल में कर्मचारियों द्वारा मरीजों को लेकर पहुंचने वाले लोगों के साथ दुर्व्यंवहार करने और ड्यूटी में कोताही की शिकायतें अब आम बात हो गई है। इस मामले को लेकर रात को अस्पताल में मौजूद डाक्टर ने भी बच्ची के साथ अस्पताल में आए लोगों पर दुर्व्यवहार करने और अस्पताल के कमरे का दरवाजा तोड़ने की बल्ह थाना में शिकायत की। शुक्रवार रात अस्पताल में घटे घटनाक्रम के बाद शनिवार को बल्ह भाजपा ने नेरचौक बाजार और रत्ती अस्पताल के प्रांगण में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ  प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ  नारेबाजी करते हुए नेरचौक बाजार से लेकर तकरीबन डेढ़ किलोमीटर रत्ती अस्पताल तक रैली निकाली और अस्पताल के प्रांगण में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ  जमकर अपना गुस्सा निकाला। प्रदर्शन के बाद भाजपा के कार्यकर्ता बीएमओ से मिले और उन्हें शुक्रवार रात के घटनाक्रम से अवगत करवाया। बल्ह भाजपा के महामंत्री रणवीर सिपहिया की ओर से बीएमओ को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि शुक्रवार की रात को मूंदड़ू गांव का हरीश कुमार जब दस्त, उल्टियों और बुखार से पीडि़त अपनी अढ़ाई वर्षीय भतीजी को लेकर रत्ती अस्पताल पहुंचा तो वहां तैनात डाक्टर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और यहां की व्यवस्था से निराश और हताश होकर बच्ची को उपचार के लिए प्राइवेट डाक्टर के पास ले जाना पड़ा। सभी पक्षों को सुनने के लिए बल्ह के एसडीएम डा. संजीव धीमान और बल्ह के एसएचओ संजीव सूद भी रत्ती अस्पताल पहुंचे थे। इस मौके पर बल्ह भाजपा के महामंत्री रणवीर सिपहिया, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य प्रियंका शर्मा, बल्ह बीडीसी की अध्यक्ष अंजना रावत, महिला मोर्चा अध्यक्ष पंकजा शर्मा, महामंत्री सीमा शर्मा, बल्ह भाजयुमो महामंत्री दिनेश चौधरी और उपाध्यक्ष दीक्षित नारंग आदि मौजूद थे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App