हमें नहीं चाहिए आया राम… गया राम

By: Aug 7th, 2017 12:10 am

newsसमूर कलां  —  कांग्रेस को आया राम-गया राम की जरूरत नहीं है। यह बात सीएम वीरभद्र सिंह ने रविवार को समूर कलां में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों में पार्टी के साथ तथा बुरे दिनों में पार्टी से दूर भागने वालों की कोई जरूरत नहीं है। कुटलैहड़ में कांग्रेस सबसे बड़ी जीत दर्ज कर सकती है। वह चाहते हैं कि जिसको भी कांग्रेस हाइकमान टिकट दे, सभी मिलकर उसकी जीत को सुनिश्चित करें, लेकिन इसके लिए सबको आगे बढ़ना होगा। अनुशासित होकर कार्य करना होगा। वीरभद्र सिंह ने कहा कि वह कोई फतवा जारी नहीं करना चाहते तथा कांग्रेस जन को अनुशासन व एकजुटता की अपील ही कर सकते हैं। कांग्रेस पार्टी को सच्चे व अनुशासित वर्कर्ज की जरूरत है,न कि बगुलाभगतों की।  वीरभद्र सिंह ने अफसोस जताते हुए कहा कि कुटलैहड़ में भारी संख्या में कांग्रेस के समर्थक हैं। क्षेत्र में सैकड़ों लोग हैं, जो कि कांग्रेस पार्टी के लिए प्रतिबद्धता से काम करते हैं, लेकिन चुनावों के दौरान बिखर जाते हैं। चुनाव के दौरान जिनको टिकट नहीं मिलता, उनका फर्ज है कि जिसे पार्टी ने टिकट दिया, उसकी मदद करें तथा उसकी जीत के लिए कार्य करें। वीरभद्र सिंह ने कहा कि पिछले कई चुनावों में अनुशासनहीता व भितरघात के चलते ही कांग्रेस प्रत्याशी बेहतर होने के बावजूद हार गए। भाजपा इस क्षेत्र में जनसमर्थन से नहीं, हमारी गलतियों के कारण ही जीतती है। उन्होंने कहा कि हाइकमान ही टिकट के बारे में अंतिम निर्णय लेगी। प्रत्याशी महिला भी हो सकती है, युवा व स्थानीय नेता भी हो सकता है, लेकिन वह पार्टी के प्रति वफादार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को पार्टी हाईकमान के निर्णय का सम्मान करना चाहिए। वीरभद्र सिंह ने कहा कि पार्टी को भी पूर्व की घटनाओं से सबक सीखना चाहिए तथा कठोर फैसले लेने होंगे। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र में बेशक भाजपा के विधायक हैं, लेकिन कांग्रेस नेताओं व आम जनता के कहने पर उनकी सरकार ने इस क्षेत्र में अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक विकास कार्य करवाए हैं। उनके लिए समूचा प्रदेश एक है। प्रदेश का संतुलित विकास उनका ध्येय है।

दुलैहड़ में सवा करोड़ के बस स्टैंड का शुभारंभ

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने एकदिवसीय हरोली दौरे के दौरान करोड़ों के उद्घाटन किए। इसमें करीब 22 करोड़ की लागत से बने भवन व स्टेडियम हरोली की जनता को समर्पित किए। सीएम सड़क मार्ग से होते हुए सबसे पहले दुलैहड़ पहुंचे, जहां दुलैहड़ में सवा करोड़ की लागत से बने बस स्टैंड का लोकार्पण किया। इसके बाद पूबोवाल में चार करोड़ से बनी सरकारी आईटीआई के भवन को जनता को समर्पित किया। पालकवाह में दो करोड़ 85 लाख से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा खड्ड में दो करोड़ से बने फुटबाल स्टेडियम का उद्घाटन किया।

प्रजातंत्र में तानाशाही के लिए कोई स्थान नहीं

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रजातंत्र में तानाशाही के लिए कोई स्थान नहीं है। वह विपक्ष के विधायकों को भी आमंत्रित करके उनसे विकास कार्यों की चर्चा करते हैं, लेकिन भाजपा प्रजातंत्र में विश्वास नहीं रखती। इनका विश्वास तानाशही में है। भाजपा झूठे आरोप लगाने, क्षेत्रवाद, जातिवाद में विश्वास करती है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि हर क्षेत्र का विकास सीएम की जिम्मेदारी होती है।

कांग्रेसी प्रत्याशी को दिलाएंगे जीत

समूर कलां  — कुटलैहड़ विस क्षेत्र में इस दफा कांग्रेस प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित करने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें। यह आह्वान जिला कांग्रेस प्रधान वीरेंद्र धर्माणी ने समूर कलां में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने कहा कि पिछले 27 सालों से कुटलैहड़ विस क्षेत्र में भाजपा के विधायक जीतते आ रहे हैं, लेकिन इसके लिए कांग्रेस के नेता ही जिम्मेदार है। कुटलैहड़ में जीतने की क्षमता रखने वाले को ही विस चुनावों में पार्टी टिकट मिलेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताआें को हौसला बनाए रखना चाहिए। विरेंद्र धर्माणी ने कहा कि हमारा मकसद केवल कुटलैहड़ से विधायक की जीत नहीं है, अपितु प्रदेश में वीरभद्र सिंह को सातवीं दफा सीएम बनाना है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App