आज और कल एक-दो स्थानों पर बारिश के आसार

By: Sep 22nd, 2017 12:01 am

शिमला — हिमाचल प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में आज-कल एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार व शनिवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में दो दिन के दौरान अनेक स्थानों पर बारिश होगी। इस दौरान उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावनाएं जताई जा रही हैं। राज्य के मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 24 सितंबर तक, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 25 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि गुरुवार को भी राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही है। मगर राज्य के उच्च व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में शाम के समय बादल घिरने शुरू हो गए थे। गुरुवार शाम के समय मौसम में करवट आने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश के हमीरपुर व बिलासपुर के अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। इसके अलावा राज्य के अन्य क्षेत्रों के तापमान में भी  हल्की गिरावट आई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 24.8, सुंदरनगर 31.5, भुंतर में 33.2, कल्पा में 23.2, धर्मशाला में 28.6, ऊना में 36.0, नाहन में 28.4, सोलन में 28.0 और कांगड़ा में 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App