इस बार सराज से साफ हो जाएगी भाजपा

By: Sep 14th, 2017 12:05 am

बालीचौकी —  युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि इस बार सराज विस से भाजपा की जीत पर विराम लगेगा। भाजपा विधायक के राजनीतिक कैरियर का इस चुनाव में अंत हो जाएगा। बालीचौकी के कांढी गांव में सराज युवा कांग्रेस के मंडल स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को एक आम सभा के दौरान सराज के विधायक जयराम ठाकुर को आड़े हाथों लेते हुए ये शब्द कहे। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जयराम ठाकुर की राजनीतिक नाकामी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अपने गांव के प्राथमिक स्कूल को अपग्रेड करने के लिए उन्हें मुख्यमंत्री से गुहार लगानी पड़ी। उन्होंने कहा कि सराज में जयराम ठाकुर का 20 साल का कार्यकाल पूरी तरह से असफ ल साबित हुआ है और सराज में जो भी विकास कार्य अब तक हुए हैं, वे सभी मुख्यमंत्री की देन है। युवा कांग्रेस नेता ने सराज में वर्तमान सरकार के साढ़े चार साल के विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि वे सराज से इस बार के विधानसभा चुनावों में जमीन से जुड़े नेता को टिकट देने की अनुशंसा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के नाते करेंगे। युवा कांग्रेस के इस सम्मेलन में सराज कांग्रेस के नेता व मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष चेतराम ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। चेतराम ठाकुर ने कहा कि सराज विस को सारे तोहफे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दिए हैं। इस अवसर पर युवा कांग्रेस सराज के उपाध्यक्ष वीरसिंह भारद्वाज, मंडी उपसमिति के हरेंद्र सेन, सोनिया गांधी एसोसिएशन के बलदेव सिंह, सराज युकां अध्यक्ष राकेश कुमार, सराज कांग्रेस के उपाध्यक्ष दिलेराम, महासचिव टेक सिंह चौहान, स्थानीय पंचायत की प्रधान तुलजू देवी देवधार पंचायत की प्रधान लता देवी भी मौजूद रहे।

सराज से चुनाव लड़ें विक्रमादित्य सिंह

विक्रमादित्य सिंह को सराज से चुनाव लड़ने का न्योता भी दिया गया। मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन चेतराम ठाकुर ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह सराज से चुनाव लडें़। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सराज के प्रति लगाव को लेकर वह विक्रमादित्य के लिए सराज से सीट छोड़ देंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App