कांगड़ा में आज गरजेंगे शाह

By: Sep 22nd, 2017 12:08 am

भाजयुमो की ‘युवा हुंकार रैली’ के बहाने होगा चुनावी शंखनाद, एक लाख समर्थक आने का दावा

newsकांगड़ा— भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अगवाई में शुक्रवार को भाजयुमो त्रिगर्त की धरती से प्रदेश सरकार पर धावा बोलेगा। कांगड़ा नगर परिषद में होने वाले सियासी मेगा शो में भाजपा ने एक लाख समर्थकों का दावा किया है। अमित शाह विशेष विमान से सुबह साढ़े 11 बजे गगल एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद सड़क मार्ग से कांगड़ा पहुंचेंगे। रैली में श्री शाह के अलावा सांसद शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश भारी मंगल पांडे, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, भाजयुमो चीफ विशाल चौहान संबोधित करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि रैली को लेकर वर्कर्ज ने पूरी तैयारी कर ली है। माना जा रहा है कि अमित शाह प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार, माफिया राज और युवा विरोधी मसलों पर तीखा हमला करेंगे तथा पार्टी हाइकमान ने चुनावी शंखनाद के लिए सबसे ज्यादा सीटों वाले कांगड़ा जिला को चुना है। इससे पहले गुरुवार को प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडे ने मां ब्रजेश्वरी देवी के दर माथा टेका। मां का आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने मंदिर बाजार के सभी लोगों को हुंकार रैली में आने का आग्रह किया और निमंत्रण पत्र बांटे। इस दौरान प्रभारी मंगल पांडे के साथ पवन राणा, जिलाध्यक्ष संजय चौधरी, ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष उत्तम चौधरी, मंडल भाजपा अध्यक्ष रमेश बराड़, उपाध्यक्ष रमेश महेशी, राकेश मेहरा, शहरी युवा प्रधान अनुभव शर्मा मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App