कैग कमांडर राजीव महर्षि

By: Sep 20th, 2017 12:07 am

कैग कमांडर  राजीव महर्षिराजीव महर्षि को कैग का नया अध्यक्ष घोषित किया गया है। इससे पहले राजीव महर्षि गृह सचिव के पद पर तैनात थे। गृह सचिव रहने से पहले वह वित्त सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए। राजीव महर्षि का जन्म 8 अगस्त, 1955 को राजस्थान के जयपुर में हुआ। वह राजस्थान कैडर के 1978 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने सेंट स्टीफन कालेज, दिल्ली से इतिहास में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। सेंट स्टीफन कालेज, दिल्ली की स्थापना 1 फरवरी, 1881 को हुई। ब्रिटेन से प्रबंधन की डिग्री लेने वाले महर्षि ने  केंद्र सरकार के महत्त्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वित्त मंत्रालय और गृह मंत्रालय के बाद अब राजीव महर्षि को कैग की कमान का मौका मिला है। महर्षि राष्ट्रीय सुर्खियों में तब आए, जब उन्होंने राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव के तौर पर ऐतिहासिक श्रम सुधार लागू किए। यही श्रम सुधार फिर दूसरे राज्यों के लिए मिसाल बन गए। वित्त मंत्रालय में भी आर्थिक मामलों के सचिव के तौर पर महर्षि ने मुख्य सलाहकार अरविंद सुब्रह्मण्यम के साथ वित्तीय रूप से बेहद विवेकी बजट में योगदान दिया था। देश के प्रमुख पदों पर रहने के बाद राजीव महर्षि का कैग के पद पर पहुंचना उनकी काबिलीयत को साबित करता है। कैग शशिकांत शर्मा 24 सितंबर, 2017 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उसके बाद राजीव महर्षि कैग की कमान संभालेंगे। महर्षि को भारतीय प्रशासनिक सेवाओं का 30 साल का अनुभव रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App