खड्ड किनारे मिली युवक की लाश

By: Sep 26th, 2017 12:05 am

पद्धर – उपमंडल पद्धर की ग्राम पंचायत पाली के माणा गांव में सोमवार बाद दोपहर खड्ड किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक पिछले कई वर्षों से माणा गांव और आसपास के गांव में  मजदूरी का कार्य करता था। मृतक की पहचान स्थानीय पंचायत पाली और वर्तमान में अलग पंचायत बनी शिलग के गांव जुंढर निवासी चंद्रमणि उर्फ मिकनू पुत्र स्वर्गीय सिद्धू राम के रूप में हुई है। पद्धर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चंद्रमणि का शव माणा खड्ड के किनारे मिला। अपर माणा गांव के स्थानीय राहगीर जोगिंद्र कुमार नव निर्मित सड़क से होते हुए सोमवार बाद दोपहर अपने घर जा रहा था तो उसकी नजर चंद्रमणि पर पड़ी। इस पर ग्राम पंचायत पाली के उपप्रधान पवन कुमार को सूचना दी गई। पवन कुमार ने तुरंत घटनास्थल पहुंच कर पूरी वारदात की सूचना पद्धर थाना पुलिस को दी। थाना के एएसआई कुलमेश सिंह के साथ मौका पर पहुंचे हैड कांस्टेबल अमृत लाल, कांस्टेबल महेंद्र सिंह ने शव को पुलिस हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के शरीर में किसी प्रकार के कोई चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों और गांव के लोगों सहित पंचायत उपप्रधान पवन कुमार के बयान कलमबद्ध कर शव पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी ले गई। चंद्रमणि के माता-पिता और भाई का पहले ही देहांत हो चुका है। मृतक के दो भतीजे महेंद्रपाल और छिंदरू हैं, जिन्हें पंचायत के उपप्रधान ने मोबाइल पर घटना की सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक का भानजा बलबीर सिंह पुत्र नोता राम सबसे पहले घटना स्थल पर पहुंचा, जिसने पुलिस के समक्ष शव की पहचान की। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से किसी प्रकार के शक की शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक का मंगलवार को जोनल अस्पताल मंडी में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App