डेरे में मौत की मीनारें

By: Sep 21st, 2017 12:05 am

( कोमल शर्मा, हमीरपुर )

बाबा राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद से ही हिसार का डेरा सच्चा सौदा सुर्खियों में है और अब नया खुलासा हुआ है कि डेरा में 600 लोगों के अस्थि कंकाल मिले हैं। यह तो पाप की पराकाष्ठा हो गई। धर्म की आड़ में सारे बुरे काम होते रहे और राम रहीम के अंधभक्तों की आंखें अभी भी नहीं खुल रही हैं। हरियाणा सरकार तो सोई रही, राम रहीम की गिरफ्तारी से पहले भी और राम रहीम के गिरफ्तार होने के बाद भी।  भारत का यही दुर्भाग्य है कि यहां आस्था अंधी है और इसका फायदा राम रहीम जैसे शैतान उठाते हैं। अकेले राम रहीम को ही सजा क्यों? अकेला आदमी यह सब नहीं कर सकता। पूरा का पूरा कुनबा ही इस कृत्य का कसूरवार है। मूकदर्शक हरियाणा को कुछ तो करना चाहिए, जिससे लगे कि हरियाणा में कोई कायदा- कानून है। बड़े-बड़े नेता और अधिकारी, जो कभी डेरे में जाकर नतमस्तक होते थे, अब डर रहे हैं कि कहीं डेरे के साथ हमारा नाम न जोड़ा जाए। सिर्फ एक आदमी जनता, नेताओं और अधिकारियों को बेवकूफ बनाता रहा और ये सभी अपने छोटे-छोटे स्वार्थों के लिए राम रहीम के कारनामों के प्रति आंखें मूंदे रहे और नतीजा यह कि हरियाणा आज कई साल पीछे चला गया। पंचकूला शहर जो अपनी सुंदरता के लिए मशहूर था, वह हिंसा के दागों से स्याह हो गया। अब भी प्रशासन क्या अकेले राम रहीम को जेल पहुंचाकर अपनी पीठ थपथपाएगा या गुनाहों की इस मंडी के पूरे कुनबे पर कार्रवाई करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App