प्रदेश सरकार ने रोके विकास कार्य

By: Sep 25th, 2017 12:05 am

मैहतपुर —  प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष व सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने मैहतपुर के वार्ड नंबर दो में जनसंपर्क अभियान चलाया। श्री सत्ती ने कहा कि विकास और वीरभद्र सिंह एक साथ नहीं चल सकते, इसलिए हिमाचल में विकास कार्य रोकने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने तानाशाही और राजवाड़ाशाही के साथ शासन चलाकर प्रदेश का माहौल खराब किया है। बदला-बदली, अन्याय व अत्याचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। श्री सत्ती ने कहा कि सत्ता परिवर्तन पर प्रदेश हित के विरुद्ध किए गए हर निर्णय की जांच की जाएगी और निर्णय लेने वालों की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का लक्ष्य राजनीति के चक्कर में पीछे छूट रहा है। सत्ती ने कहा कि नए संस्थान खुलने चाहिए, लेकिन उनके लिए बाकायदा मापदंड तय होने चाहिए। उन्होंने कहा कि  भाजपा हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाएगी। केंद्र के साथ मिलकर हिमाचल के विकास को आगे बढ़ाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के प्रयासों से पीजीआई सेटेलाइट सेंटर की ओपीडी को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में शुरू करने की कदमताल शुरू कर दी गई है, जिससे ऊनावासियों को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर युवा क्लब के प्रधान विशाल द्विवेदी, सतपाल शर्मा, ओम प्रकाश, सीमा, मीना, सतीश व नवनीत आदि उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App