बुजुर्ग को खाई में दिया धक्का

By: Sep 14th, 2017 12:05 am

जोल —  पुलिस चौकी जोल के तहत सोहारी पंचायत में बुजुर्ग महिला को एक युवक द्वारा धक्का देकर गहरी खाई में गिरा दिया। इससे बुजुर्ग महिला गंभीर घायल हुई है। घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है, वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।  जानकारी के अनुसार कश्मीरी देवी (87) निवासी बलदोह पंचायत सोहारी दोपहर को अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। इस दौरान नशे में धुत्त एक युवक आया और बिना कारण ही धक्का देकर फरार हो गया। बुजुर्ग करीब दो सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। बुजुर्ग के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग महिला को खाई से निकाला और 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि मामले में संलिप्त युवक गांव में ही एक पोल्ट्री फॉर्म में काम करता है। बुजुर्ग महिला को धक्का क्यों दिया, इसके बारे में अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। जब छानबीन की गई तो युवक भी बेहोशी की हालत में ही मिला, जिसे भी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया। उधर, इस बारे में जोल चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App