मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में आज बारिश

By: Sep 10th, 2017 12:01 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, कई जगह होगी बरसात

शिमला — हिमाचल प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में रविवार को फिर से बारिश होगी। मौसम विभाग ने राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में रविवार को अनेक स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। राज्य के मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की उम्मीदें जताई जा रही है। विभाग के तहत मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 15 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। मगर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 13 से 15 सितंबर तक मौसम शुष्क बना रहने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। शनिवार को भी प्रदेश में मौसम मिलाजुला बना रहा। समूचे प्रदेश में दोपहर तक मौसम शुष्क बना रहा और चटक धूप खिली रही, लेकिन मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल घिरने शुरू हो गए थे। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर बारिश रिकार्ड की गई। सरकाघाट में 15.0, राजगढ़ में 6.0 और बैजनाथ में 5.0 मिलीमीटर बारिश आंकी गई है। मौसम साफ  रहने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में  उछाल आया है। प्रदेश के कई क्षेत्रों के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। जबकि प्रदेश के भुंतर, ऊना व नाहन के पारे में गिरावट आई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 23.0, सुंदरनगर में 32.9, भुंतर में 32.5, कल्पा में 22.7, धर्मशाला में 27.4, ऊना में 33.2, नाहन में 28.5, सोलन में 28.2 और कांगड़ा में 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर बारिश होगी। राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 15 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 13 से 15 सितंबर तक मौसम साफ बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App