महिला अफसर के पास बेहिसाब संपत्ति

By: Sep 13th, 2017 12:02 am

इंदौर में आला अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त पुलिस के छापे

इंदौर— लोकायुक्त पुलिस ने नगर और ग्राम निवेश विभाग की एक आला अधिकारी के ठिकानों पर छापे मारे और बड़े पैमाने पर उसकी बेहिसाब संपत्ति का खुलासा किया। लोकायुक्त पुलिस के एक उपाधीक्षक (डीएसपी) ने बताया कि नजदीकी देवास जिला में नगर और ग्राम निवेश विभाग में पदस्थ उप निदेशक अनीता कुरोठे के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत मिली थी। इस शिकायत पर इंदौर में उनके तीन ठिकानों पर छापे मारे गए। महिला अधिकारी के 20-25 बैंक अकाउंट भी हैं। वह इंदौर में भी पदस्थ रह चुकी हैं। उन्होंने बताया कि लोकायुक्त पुलिस के छापों से पता चला है कि कुरोठे और उनके नजदीकी रिश्तेदारों के नाम से खरीदी गई बेहिसाब संपत्ति में इंदौर की बहुमंजिला आवासीय इमारत में एक पेंट हाउस, 3500 वर्ग फुट में फैला फार्म हाउस, शहर के अलग-अलग इलाकों में आठ दुकानें और सात एकड़ कृषि भूमि शामिल है। उनके घर से करीब डेढ़ लाख रुपए की नकदी और सोने के कुछ जेवरात भी मिले हैं। डीएसपी ने बताया कि इंदौर से सटे राऊ कस्बे के एक होटल में कुरोठे की कारोबारी भागीदारी के संकेत मिले हैं। इसके अलावा, उनके 20 से 25 बैंक खातों के बारे में भी जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि कुरोठे वर्ष 1994 में सरकारी सेवा में शामिल हुई थीं। लोकायुक्त पुलिस के छापों में उनकी जिस बेहिसाब संपत्ति का खुलासा हुआ है, वह उनकी वैध आय के मुकाबले बहुत अधिक है। उनकी बेहिसाब संपत्ति का विस्तृत मूल्यांकन किया जा रहा है। मामले में विस्तृत जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App