मुहर्रम के दिन भी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन

By: Sep 22nd, 2017 12:05 am

हाई कोर्ट ने दिया ममता सरकार को झटका, रद्द किया फैसला

newsNEWSकोलकाता— मुहर्रम के बाद दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कराने के ममता बनर्जी सरकार के आदेश को कलकत्ता हाई कोर्ट ने रद्द कर दिया है। कोलकाता हाई कोर्ट ने गुरुवार को हिंदुओं को मुहर्रम पर भी मूर्ति विसर्जन की अनुमति दे दी। मुख्य न्यायाधीश आरके तिवारी (कार्यवाहक) की अध्यक्षता वाली दो न्यायाधीशों की खंडपीठ ने राज्य सरकार को मुहर्रम के दिन दोनों समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये पर्याप्त सुरक्षाबल तैनात करने का भी आदेश दिया। कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाने से पहले गुरुवार को कहा कि सरकार लोगों की आस्था में दखल नहीं दे सकती है। बिना किसी आधार के ताकत का इस्तेमाल बिलकुल गलत है। अदालत ने कहा कि सरकार के पास अधिकार है, लेकिन असीमित नहीं है। बिना किसी आधार के ताकत का इस्तेमाल गलत है। आखिरी विकल्प का फैसला सबसे बाद में करना चाहिए। हाई कोर्ट ने बुधवार को भी इस मुद्दे पर ममता सरकार के खिलाफ सख्त टिप्पणी की थी। कोर्ट ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार से कहा था कि जब आप इस बात का दावा कर रहे हैं कि राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव है तो फिर आप खुद दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक विभेद पैदा करने की कोशिश क्यों कर रही हैं? दरअसल, इस साल दशहरा के अगले दिन ही मुहर्रम है। दशहरे के अगले दिन दुर्गा प्रतिमा भी विसर्जित की जाती है। उधर, विरोधियों के निशाने पर आईं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जमकर पलटवार किया। इतना ही नहीं, दुर्गा मूर्ति विसर्जन पर कलकत्ता हाई कोर्ट के फैसले पर ममता बनर्जी ने कहा कि कोई मेरा गला काट सकता है, लेकिन मुझे यह नहीं बता सकता है कि क्या करना है। ममता ने कहा कि जब मैं दुर्गा पूजा या गणेश उत्सव का शुभारंभ करती हूं तो तुष्टिकरण का आरोप नहीं लगता, लेकिन ईद की नमाज अदा कर लूं तो विरोधी ऐसा आरोप लगाने लगते हैं। ममता ने कहा कि अगर ये तुष्टिकरण है तो मैं जब तक जीवित हूं, ऐसा करती रहूंगी। अगर कोई मेरे माथे पर गन भी रख दे तब भी मैं यही करूंगी। मैं किसी से भेदभाव नहीं करती। यह बंगाल की संस्कृति है, यह मेरी संस्कृति है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App