मोदी की टीम में आज जुड़ेंगे ‘नवरत्न’

By: Sep 3rd, 2017 12:06 am

NEWSनई दिल्ली— नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल का फेरबदल रविवार प्रातः 10:30 बजे होगा। लंबी अटकलों को विराम देते हुए शनिवार रात्रि शिकायतों, नाराजगी के बीच नाम भी तय कर लिए गए, इसमें नौ नए मंत्री शामिल किए जा रहे हैं। तीन वर्तमान को तरक्की मिलना तय है। मोदी कैबिनेट की इस पारी का यह अंतिम फेरबदल माना जा रहा था, पर एनडीए सहयोगी दलों को स्थान न मिलने से संभवतः फिर विस्तार होगा। जद(यू) व शिवसेना ने शनिवार को कई बार अपनी भोहें तनी और यहां तक बयान दे दिया कि इनका कोई भी सांसद मंत्री नहीं बन रहा है। मीडिया को मिली जानकारी से स्पष्ट हो गया कि विस्तार में केवल भाजपा को ही स्थान मिला है। बड़ी बात है कि उमा भारती के तेवरों ने उनकी कुर्सी बचा ली है।  निर्मला सीतारमण राज्य मंत्री से कैबिनेट मंत्री बनने जा रही हैं। हालांकि यह विस्तार कम फेरबदल ज्यादा है, क्योंकि छह मंत्रियों के इस्तीफे लिए जा चुके हैं, तो केवल तीन ही नए स्थान बनाए गए। सहयोगी दलों में से जेडीयू ने शनिवार को बताया कि उन्हें कैबिनेट विस्तार के बारे में कोई जानकारी नहीं है, जबकि शिवसेना भी नामों पर अड़ती रही और देर रात्रि तक दोनों को शामिल नहीं किया गया। सरकार और भाजपा के शीर्ष स्तर पर सबसे ज्यादा माथापच्ची नए रक्षा मंत्री के नाम को लेकर होती रही। इसके लिए कई दौर की बातचीत भी हुई, पर किसी नाम को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। सुरेश प्रभु और पीयूष गोयल का नाम इस पद के लिए आगे चलता रहा। श्री गोयल के ऊर्जा मंत्री के तौर पर अच्छे कामकाज को देखते हुए उन्हें यह पद सौंपा जा सकता है। इसके अलावा दूसरे सवाल कम महत्त्वपूर्ण हैं कि किन्हें कौन सा मंत्रालय दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक अधिकतर मंत्रियों के नामों पर फैसले राज्यों में आगामी चुनाव और जातिगत संतुलन के लिहाज से किए गए हैं। इस विस्तार में यूपी व बिहार से दो, केरल, कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक से एक-एक मंत्री शामिल होगा।

इनकी लाटरी तय

अमित शाह के घर बैठक के बाद पीएम मोदी के आवास पर देर रात्रि हुई बैठक में अश्विनी कुमार चौबे (बिहार), शिव प्रताप शुक्ल (यूपी), वीरेंद्र कुमार (मध्यप्रदेश), अनंत कुमार हेगड़े (कर्नाटक), राजकुमार सिंह (बिहार), हरदीप सिंह पुरी, गजेंद्र सिंह शेखावत (राजस्थान), सत्यपाल सिंह व अल्फोंस कन्ननथानम (केरल) के नाम मंत्री पद को फाइनल हुए।

रेल मंत्री पर सस्पेंस

सुरेश प्रभु की रेल मंत्रालय से विदाई लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन दूसरी ओर ऐसी भी खबरें हैं कि सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी रेलवे मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं। रेल राज्य मंत्री व दूरसंचार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा, रसायन व उर्वरक मंत्री अनंत कुमार का नाम भी रेल मंत्री के लिए चल रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App