म्यांमार में 1 हजार से ज्यादा लोगों की मौतें

By: Sep 9th, 2017 12:07 am

म्यांमार में एक हजार से ज्यादा लोगों की मौतें

संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधि की रिपोर्ट, मारे जाने वालों में रोहिंग्या मुस्लमान अधिक

newsसोल – संयुक्त राष्ट्र के एक वरिष्ठ प्रतिनिधि ने कहा है कि म्यांमार के रखाइन प्रांत में अब तक एक हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका है, जिनमें ज्यादातर रोहिंग्या मुस्लिम समुदाय के सदस्य हैं। यह संख्या सरकारी आंकड़ों से लगभग दोगुनी है। म्यांमार में मानवाधिकारों के संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिवेदक यांघी ली ने कहा कि मुमकिन है कि अबत क एक हजार या उससे ज्यादा लोगों की जान गई हों। इसमें दोनों तरफ के लोग हो सकते हैं, लेकिन ज्यादा बड़ी संख्या रोहिंग्या की होगी। पिछले केवल दो सप्ताह में 164000 नागरिक भागकर बांग्लादेश के शरणार्थी शिविरों में चले गए हैं। इनमें से ज्यादातर रोहिंग्या हैं। यह शिविर पहले से ही लोगों से खचाखच भरे हुए हैं। कई अन्य की मौत रखाइन में हो रही हिंसा से बचने के क्रम में भागने के दौरान हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यहां रोहिंग्या चरमपंथियों द्वारा 25 अगस्त को शृंखलाबद्ध तरीके से शुरू किए गए हमलों के कारण सेना की जवाबी कार्रवाई शुरू हुई, जिसमें समूचे गांव जल गए। रोहिंग्या मुसलमानों को बौद्ध वर्चस्व वाले म्यांमार में लंबे समय से भेदभाव का सामना करना पड़ा है। इस देश में कई पीढि़यों से निवास करने के बावजूद उन्हें यहां की नागरिकता से वंचित रखा गया है और उनको बांग्लादेश से आए अवैध प्रवासियों के तौर पर देखा जाता रहा है।

सरकार ने बताया था 475 का आंकड़ा

ली द्वारा दिए गए यह आंकड़े आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज्यादा हैं, जिसके मुताबिक मृतकों की कुल संख्या 475 ही है। अधिकारियों द्वारा जारी किए गए नए आंकड़ों के मुताबिक म्यामार की ओर से बताया गया है कि 25 अगस्त से अब तक रोहिंग्या के 6600 घर और गैर-मुस्लिम लोगों के 201 घर जलकर खाक हो गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App