विक्रमादित्य ने क्या पिता से पूछा है

By: Sep 22nd, 2017 12:02 am

युवा कांग्रेस अध्यक्ष के ‘एक परिवार से एक ही टिकट’ वाले बयान पर कौल सिंह का सवाल

हमीरपुर— एक परिवार से एक ही टिकट। युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह के इस बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कौल सिंह ने कहा कि ऐसी टिप्पणी करने से पहले क्या विक्रमादित्य ने अपने पिता से बात की है? ऐसा बयान देने की उन्हें क्या जरूरत थी। मंत्री ने इशारों ही इशारों में यह भी पूछ लिया कि क्या विधानसभा चुनावों में विक्रमादित्य या मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह में से कोई एक ही चुनाव लड़ेगा? बकौल स्वास्थ्य मंत्री ऐसा बयान देने से पहले विक्रमादित्य को मुख्यमंत्री से चर्चा कर लेनी चाहिए थी। हमीरपुर प्रवास पर आए कौल सिंह सीएमओ आफिस का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से रू-ब-रू हुए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों से बाहर किए जा रहे आउटसोर्स कर्मचारी बने रहेंगे। इसके लिए उनका कांट्रैक्ट रिन्यू किया जा रहा है। अगले सत्र से हमीरपुर मेडिकल कालेज में कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इसके बाद उन्होंने भोरंज के भलोखर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के अपने वर्तमान कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने को विशेष प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 125 हैल्थ सेंटर खोले गए हैं तथा चिकित्सकों के 625 से भी ज्यादा पदों को भरा गया है और हैल्थ साइंस यूनिवर्सिटी खोलने का निर्णय भी लिया गया है। कौल सिंह ने कहा कि प्रदेश के क्षेत्रीय अस्पतालों में 330 किस्म की निःशुल्क दवाइयां भी सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सरकार में 7625 आशा वर्करों की नियुक्ति की गई है तथा प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में आशा वर्करों के मानदेय में एक हजार की बढ़ोतरी की गई है इसके साथ ही विभिन्न कार्यों के लिए भी अलग से इंसेंटिव दिए जाएंगे।

सोनिया ने तैनात किए सुक्खू

स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ने कहा कि कांग्रेस  के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू की नियुक्ति मैडम सोनिया गांधी ने की है। लिहाजा उन्हें हटाने की क्या नौबत आ गई है। सुक्खू को हटाने का फैसला हाइकमान ही कर सकती है।

टोपी पर सियासत शोभा नहीं देती

टोपी प्रकरण पर कौल सिंह ने कहा कि टोपी की सियासत समझ से परे है। समूचा हिमाचल एक है। लिहाजा टोपी पर राजनीति किसी को शोभा नहीं देती। स्वास्थ्य मंत्री इशारों ही इशारों में इस मुद्दे पर बहुत कुछ कह गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App