सरकाघाट के बलदेव को सेना मेडल

By: Sep 22nd, 2017 12:03 am

दो आतंकवादियों को मार गिराने पर हिमाचली सपूत को मिला तमगा

NEWSमंडी— मंडी जिला के सरकाघाट के सपूत को भारतीय सेना ने सेना मेडल  (वीरता) से नवाजा है। सरकाघाट के सिपाही बलदेव सिंह पुत्र महाजन सिंह निवासी नैण डाकघर गोपालपुर को सेना मेडल उधमपुर में आयोजित मेडल सेरेमनी के दौरान दिया गया है। आतंकियों को मार गिराने के साहसिक कार्य के लिए बलदेव सिंह को सेना की तरफ से सेना मेडल दिया गया है। बलदेव सिंह को यह सम्मान मिलने के बाद उनके घर में खुशी का माहौल है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सिपाही बलदेव सिंह के लिए सेना मेडल की घोषणा की गईथी, जिसके बाद अब उन्हें हाल में ही सेना के उच्च अधिकारियों द्वारा इस मेडल से अलंकृत किया गया है। जानकारी के अनुसार बलदेव सिंह वर्तमान में 40 आरआर में तैनात हैं। 2016 जुलाई में सेना के सर्च आपरेशन के दौरान सिपाही बलदेव सिंह ने अदम्य साहस व वीरता का परिचय दिया था। सर्च आपरेशन के दौरान अचानक आतंकवादियों द्वारा भारी मात्रा में गोलीबारी शुरू करने के बाद भी सिपाही बलदेव सिंह पीछे नहीं हटे थे और इस दौरान उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकवादियों के काफी करीब जाकर मार गिराया था। उनकी इसी वीरता के लिए सेना ने उन्हें सेना मेडल से नवाजा है। बहरहाल सेना मेडल मिलने बहादुर सैनिक के गांव में जश्न का माहौल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App