सातवीं बार सीएम बनेंगे वीरभद्र

By: Sep 9th, 2017 12:07 am

सुशील कुमार शिंदे ने स्पष्ट की बात, मौजूदा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा चुनाव

NEWSचुवाड़ी— कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे ने साफ कहा है कि इस बार भी कांग्रेस पार्टी वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और वीरभद्र सातवीं बार बतौर मुख्यमंत्री प्रदेश की सत्ता संभालेंगे। चंबा जिला के तीन दिवसीय प्रवास के पहले दिन कांग्रेस प्रभारी ने चुवाड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना हिटलर से की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने जनविरोधी फैसलों को जनता पर थोप रहे हैं। त्रिमथ स्थित अंबेडकर भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन में श्री शिंदे ने कहा कि मोदी सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में देश में महंगाई दर में वृद्धि हुई है और नोटबंदी से विकास दर कम हुई है। इससे पहले श्री शिंदे का यहां पहुंचने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया की अगवाई में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने श्री शिंदे को शॉल व टोपी पहनाकर स्वागत किया और तलवार भेंटकर सम्मानित भी किया। इस मौके पर बिहार की सांसद एवं हिमाचल की सह प्रभारी रंजीता रंजन व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास में विश्वास रखती है, जबकि भाजपा देशवासियों को बांटने तथा देश के उत्थान में कम ध्यान दे रही है। कुलदीप सिंह पठानिया व जिला-कांगड़ा चंबा से यूथ कांग्रेस के महासचिव सुनाभ सिंह पठानिया ने भी भाजपा सरकार को कोसा। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विशाल चंबियाल, राम सिंह चंबियाल, सुरेश, बबलू, सूरज थापा, मनोज महाजन, कृष्ण चंद चेला, ओंकार चंबियाल, शालू, विजय कंवर के अलावा 115 बूथों के कार्यकर्ता एवं विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सुक्खू-विप्लव और जीएस बाली की शिंदे से गुप्त मंत्रणा

धर्मशाला— कांग्रेस पार्टी के दोनों खेमों में चल रही तल्खी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को दोनों ही धड़ों के नेता एक-दूसरे से मिले बिना अपने-अपने गंतव्यों को रवाना हो गए। पार्टी सुशील कुमार शिंदे कांगड़ा एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उनके स्वागत में कांग्रेस सुखविंदर सुक्खू, मंत्री जीएस बाली और सांसद विप्लव ठाकुर पहुंची थीं। उन्होंने पार्टी प्रभारी से गुप्त मंत्रणा की और सीधे चंबा के लिए रवानगी कर दी। उधर, शाहपुर में आयोजित जनसभा के दौरान भी मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू पर टिप्पणी करना कि जब वह अध्यक्ष थे तो सुक्खू स्कूल में पढ़ते थे, चर्चा का विषय बना हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App