सिनेमा के 100 साल

By: Sep 24th, 2017 12:07 am

फिल्मों को ‘यश’ बख्शने वाले यश चोपड़ा

सिनेमा के 100 सालयश चोपड़ा हिंदी फिल्मों के एक प्रसिद्ध निर्देशक थे। यश चोपड़ा का जन्म 27 सितंबर, 1932 को ब्रिटिश भारत में पंजाब प्रांत के ऐतिहासिक नगर लाहौर में हुआ था। उनका पूरा नाम यश राज था, जिसमें से उन्होंने यश अपना लिया और राज को राज ही रहने दिया। यश ने कुछ अच्छी फिल्मों का निर्माण भी किया। यश चोपड़ा को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कई पुरस्कार व सम्मान प्राप्त हुए। भारत सरकार ने उन्हें 2005 में भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया। यशराज ने मुंबई आकर एक सहायक निर्देशक के रूप में अपना करियर शुरू किया था। यह काम उन्होंने आईएस जौहर के साथ बतौर उनके सहायक बनकर किया था। बाद में उनके बड़े भाई बीआर चोपड़ा ने, जो मुंबई में पहले से ही स्थापित हो चुके थे, उन्हें 1959 में अवैध संबंधों के भावों को जागृत करने वाले नाटक पर आधारित फिल्म ‘धूल का फूल’ के निर्देशन के साथ स्वतंत्र रूप से फिल्मी करियर की शुरुआत करने में सहायता की। इसके पश्चात उन्होंने एक अन्य सामाजिक नाटक ‘धर्मपुत्र’ पर आधारित फिल्म का निर्माण 1961 में करके एक और धमाका किया। 1973 में ‘दाग’ फिल्म बनाने के दो साल बाद ही 1975 में ‘दीवार’ 1976 में ‘कभी-कभी’ और 1978 में ‘त्रिशूल’ जैसी फिल्में बनाकर अभिनेता के रूप में उन्होंने अमिताभ बच्चन को बालीवुड में स्थापित किया। 1981 में सिलसिला, 1984 में मशाल और 1988 में बनी ‘विजय’ उनकी यादगार फिल्मों के रूप में चिह्नित हैं। 1989 में उन्होंने वाणिज्यिक और समीक्षकों की दृष्टि में सफल फिल्म ‘चांदनी’ का निर्माण किया, जिसने बालीवुड में हिंसा के युग के अंत और हिंदी फिल्मों में संगीत की वापसी में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। 1991 में उन्होंने क्लासिकल फिल्म ‘लम्हे’ बनाई, जिसे फिल्म जगत के समस्त आलोचकों द्वारा और स्वयं चोपड़ा की दृष्टि में उनके सबसे अच्छे काम के रूप में स्वीकार किया गया। 1993 में नवोदित कलाकार शाहरुख खान को लेकर बनाई गई फिल्म ‘डर’ ने उनका सारा डर दूर कर दिया। 1997 में दिल तो पागल है, 2004 में वीरजारा और 2012 में ‘जब तक है जान’ का निर्माण करके 2012 में ही उन्होंने फिल्म निर्देशन से अपने संन्यास की घोषणा भी कर दी थी। चलचित्र निर्माण और वितरण कंपनी के रूप में यश राज फिल्म 2006 से लगातार भारत की सबसे बड़ी फिल्म कंपनी है। यही नहीं, यश चोपड़ा जी ‘यश राज स्टूडियो’ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में भी जब तक बालीवुड रहेगा, जाने जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App