स्टाफ कम, नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ

By: Sep 14th, 2017 12:05 am

ऊना —  कृषि विभाग ऊना में खाली पदों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसानों को समय पर योजनाओं की जानकारी नहीं मिल पा रही है। खाली पद होने के चलते न केवल किसानों बल्कि अधिकारियों-कर्मचारियों को भी अतिरिक्त कार्य की मार झेलनी पड़ रही है। कई किसान योजनाओं की जानकारी नहीं होने के चलते योजनाओं के लाभ से वंचित रह रहे हैं। कृषि विभाग ऊना में करीब 50 फीसदी पद खाली पड़े हुए हैं। ऐसे में किसानों का परेशान होना स्वाभाविक ही है, जबकि ऊना जिला के करीब 70 फीसदी लोग कृषि पर ही निर्भर हैं। कृषि विभाग ऊना में 127 पद स्वीकृत हैं। इसमें 61 पद भरे गए हैं, वहीं 66 पद खाली पड़े हुए हैं। ऐसे में अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय के कार्य निपटाएं या फिर फील्ड में जाएं। इससे अधिकारियों व कर्मचारियों में भी असमंजस की स्थिति बनी रहती है। कृषि विभाग ऊना में एसएमएस के चार पद स्वीकृत हैं, जिसमें तीन भरे गए हैं और एक खाली है। कृषि विभाग अधिकारी के 14 पद हैं, जिसमें आठ भरे गए हैं और छह खाली हैं। जेई के दो पद स्वीकृत हैं और दोनों ही खाली हैं। एएडीओ के पांच पद स्वीकृत हैं, जिसमें तीन भरे हैं और दो खाली हैं। एईओ के 42 पद स्वीकृत हैं। इसमें से 18 भरे हुए हैं और 24 पद खाली हैं। टेक्निकल असिस्टेंट के एक पद हैं जो कि खाली हैं, वहीं सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-2 का एक पद हैं। सीनियर असिस्टेंट छह पद हैं, जिसमें तीन भरे हुए हैं और तीन खाली हैं। जूनियर एसिस्टेंट के दस पद स्वीकृत हैं। इसमें से दो भरे हुए हैं और आठ खाली हैं। चालक के छह पद हैं, तीन भरे हुए हैं और तीन खाली हैं। बेलदार के 18 पद स्वीकृत हैं। इसमें से सात पद भरे गए हैं और 11 पद खाली हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App