स्टेज शो से बुलंदी के शिखर पर

By: Sep 22nd, 2017 12:06 am

NEWSस्टेज शो से अपने करियर  की शुरुआत करके शोहरत की बुंलदियों तक पहुंचने वाले बालीवुड के प्रसिद्ध पार्श्वगायक कुमार शानू आज भी श्रोताओं के बीच राज कर रहे हैं। कुमार शानू का मूल नाम केदारनाथ भट्टाचार्य है तथा उनका जन्म 22 सितंबर, 1957 को कोलकाता में हुआ। उनके पिता पशुपति भट्टाचार्य वादक और संगीतकार थे। बचपन से ही कुमार शानू का रूझान संगीत की ओर था और वह पार्श्वगायक बनने का सपना देखा करते थे। उनके पिता ने संगीत के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए पुत्र को तबला और गायन सीखने की अनुमति दे दी। कुमार शानू ने अपनी स्नातक की पढ़ाई कोलकाता यूनिवर्सिटी से पूरी की। फिल्म ‘आशिकी’ की सफलता के बाद संगीतकार नदीम-श्रवण कुमार शानू के प्रिय संगीतकार बन गए। इसके बाद कई फिल्मों में उनकी जोड़ी ने अपने गीत-संगीत के जरिए श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लगातार पांच बार सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायक के तौर पर फिल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त करने का कीर्तिमान कुमार शानू के नाम दर्ज है। इनमें आशिकी (1990), साजन (1991), दीवाना (1992) बाजीगर 1993 और 1942 ए लव स्टोरी (1994) शामिल हैं। वर्ष 1993 में एक दिन में 28 गाने रिकार्ड करने का कीर्तिमान भी कुमार शानू बना चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App