कपूर- चौधरी को मिली ‘फ्री हिट’

By: Oct 20th, 2017 12:05 am

धर्मशाला— प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में बड़े उलटफेर के कयासों के बीच भाजपा ने चार विधानसभा क्षेत्रों की टिकटों में बदलाव किया है। बीजेपी ने महिला प्रत्याशियों की संख्या भी बढ़ाकर दो से तीन कर दी है। पालमपुर से पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा की जगह  इंदु गोस्वामी के रूप में नए एवं महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। भाजपा ने कांगड़ा में दो पुराने नेताओं को सियासी जीवनदान देकर फिर से सियासी फ्री हिट दी है। इनमें पहले संजय चौधरी की जगह ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष उत्तम चौधरी का नाम फाइनल माना जा रहा था, लेकिन अंतिम सूची में फिर से पार्टी ने जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय चौधरी पर दांव खेला है, जबकि धर्मशाला से पहले एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव उमेश दत्त का नाम चल रहा था, लेकिन पूर्व मंत्री किशन कपूर के विरोध के बाद उमेश की जगह फिर से भाजपा ने किशन कपूर को मैदान में उतारा है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने नूरपुर से रणवीर निक्का को प्रत्याशी बनाया था और राकेश पठानिया आजाद चुनाव लड़े थे, लेकिन इस बार भाजपा ने राकेश पठानिया पर दांव लगाया है। इसी तरह जयसिंहपुर में भाजपा ने पिछली बार पूर्व विधायक आत्मा राम को टिकट दिया था, लेकिन इस बार उनकी जगह रविंद्र धीमान को मैदान में उतारा है। रविंद्र धीमान ने पिछली बार आजाद चुनाव लड़ा था। इसी तरह नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा ने पिछले चुनावों में मंगल चौधरी को प्रत्याशी बनाया था और अरुण कूका वोट लेने से उनसे आगे रहे थे, जिसके चलते पार्टी ने इस बार अरुण कूका को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनावों में पालपमुर विस क्षेत्र से प्रवीण शर्मा को प्रत्याशी बनाया था, जबकि इस बार उनकी जगह महिला प्रत्याशी इंदु गोस्वामी को चुनावी रण में उतारा है। फतेहपुर विस क्षेत्र से पार्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए पिछली बार के प्रत्याशी बलदेव ठाकुर और पूर्व मंत्री एवं सांसद रहे राजन सुशांत के बजाय पार्टी के प्रदेश महामंत्री कृपाल सिंह पर दांव खेला है।

मनोहर को बुलाया, टिकट नहीं दिया

भाजपा ने इंदौरा से आजाद जीते मनोहर धीमान को विस चुनाव से करीब तीन माह पहले पार्टी में शामिल तो कर लिया पर टिकट आबंटन के दौर में महिला प्रत्याशी उतारने के नाम पर फिर से रीता धीमान पर विश्वास जताते हुए मनोहर को टिकटों की सूची से बाहर कर दिया।

विरोध के स्वर उठने शुरू

नूरपुर, फतेहपुर, इंदौरा, जवाली, कांगड़ा, धर्मशाला, नगरोटा, पालमपुर व बैजनाथ विस क्षेत्रों में विरोध के स्वर उठने शुरू हो गए।

कौन, कहां से प्रत्याशी

  1. नूरपुर से राकेश पठानिया, 7. इंदौरा से रीता धीमान, 8. फतेहपुर से किरपाल परमार, 9. जवाली से अर्जुन सिंह ठाकुर, 10. देहरा से रविंद्र रवि, 11. जसवां-परागपुर से विक्रम सिंह ठाकुर, 12. ज्वालामुखी से रमेश धवाला, 13. जयसिंहपुर से रविंद्र धीमान, 14. सुलाह से विपिन परमार,15. नगरोटा से अरुण कुमार कूका, 16. कांगडा से संजय चौधरी, 17. शाहपुर से सरवीण चौधरी, 18. धर्मशाला से किशन कपूर, 19. पालमपुर से सुश्री इंदु गोस्वामी, 20. बैजनाथ से मुलखराज प्रेमी शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App