कर्ज लेकर दिवाली मना रही सरकार

By: Oct 20th, 2017 12:02 am

उत्तराखंड में कर्मचारियों को बोनस, एरियर देने को सरकार ने लिया 500 करोड़ का ऋण

देहरादून —  सरकार ने कर्मचारियों को डीए, बोनस और एरियर देने के लिए 500 करोड़ का कर्ज ले लिया है। अब तक सरकार 3200 करोड़ का कर्ज ले चुकी है। दिवाली से पहले कर्मचारियों को सौगात देने के लिए सरकार को बाजार से कर्ज उठाना पड़ा। रिजर्व बैंक ऑफ  इंडिया ने राज्य सरकार को कर्ज लेने के लिए लगभग 6200 करोड़ की लिमिट तय की है। इसकी आधी रकम अब  तक सरकार उठा चुकी है। मंगलवार को सरकार ने 500 करोड़ रुपए कर्ज लिया है। एरियर भुगतान के दिए आदेश राज्य कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का एरियर दो किस्तों में दिया जाएगा। एक जनवरी, 2016 से 30 जून 2016 तक की अवधि तक का एरियर इसी वित्तीय वर्ष में मिलेगा। जबकि जुलाई 2016 से दिसंबर 2016 तक की अवधि का भुगतान अगले साल किया जाएगा।  मंगलवार को प्रमुख सचिव वित्त राधा रतूड़ी की ओर से वेतन व भत्तों के एरियर सबंधी आदेश किए गए। लगभग दो लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को इसका लाभ मिलेगा।  पुरानी पेंशन के दायरे में आने वाले कर्मचारियों का एरियर से आयकर कटौती के बाद भविष्य निधि खाते में जमा होगा और छूट के मामलों में छोड़कर इस राशि को एक साल तक निकाला नहीं जा सकेगा। नई पेंशन योजना के दायरे में आने वाले कर्मचारियों को अवशेष धनराशि का दस प्रतिशत पेंशन खाते में जमा किया जाएगा। जबकि एरियर की बकाया राशि का भुगतान नकद किया जाएगा। एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2016 के बीच रिटायर एवं मृत कर्मचारियों को एरियर का भुगतान आयकर कटौती के बाद नकद किया जाएगा

एरियर का 200 करोड़ नकद

राज्य सरकार ने वर्ष 2005 के बाद भर्ती होने वाले कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के एरियर का 200 करोड़ नकद भुगतान कर दिया है। नई पेंशन योजना के दायरे में आने वाले कर्मचारियों के खातों में यह राशि भेजी जाएगी। जबकि एरियर का दस फीसदी हिस्सा उनके पेंशन खाते में जमा किया जाएगा। दिवाली बोनस राज्य कर्मचारियों के खातों में पहुंच गया है। शक्रवार को कर्मचारियों के बैंक खातों के लिए यह राशि रिलीज कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App