कांग्रेस आज देगी टिकट

By: Oct 17th, 2017 12:08 am

भाजपा के असंतुष्टों पर वीरभद्र सिंह का तंज, आया राम-गया राम नहीं लेगी पार्टी

 शिमला— मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि केंद्रीय चुनाव समिति ने प्रदेश के 68 टिकटों पर विचार-विमर्श पूरा कर लिया है। मंगलवार तक टिकटों का ऐलान होगा। उन्होंने कहा कि जिताऊ प्रत्याशियों को ही टिकट मिलेंगे। इसमें पिक एंड चूज का सवाल ही नहीं है।  उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के असंतुष्टों को कांग्रेस में जगह नहीं मिलेगी। पार्टी आया राम-गया राम को कोई तवज्जो नहीं देगी। कांग्रेस में काफी सक्षम नेता हैं। भाजपा में कौन इस्तीफा दे रहा है, कौन नहीं, इससे कांग्रेस को कोई सरोकार नहीं। दिल्ली में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र प्रदेश सरकार व कांग्रेस को अस्थिर करने के प्रयास में जुटा है। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों को काम पर लगाया गया है। इसका परिणाम उन्हें चुनाव नतीजों के बाद मिलेगा। इस दौरान उनके साथ पंजाब की प्रभारी व डलहौजी की विधायक आशा कुमारी,  मुकेश अग्निहोत्री,  सुधीर शर्मा,  कर्नल धनीराम शांडिल व कई अन्य नेता भी मौजूद थे।  मुख्यमंत्री ने कहा कि गत पांच वर्षों में उन्हें कांग्रेस के सभी विधायकों व मंत्रियों के साथ-साथ प्रदेश के लोगों का पूरा सहयोग मिला है।  उन्होंने कहा कि छह बार का मुख्यमंत्री अब यह घोषणा कर रहा है कि कांग्रेस विधानसभा चुनावों में रिपीट करेगी। उन्होंने एक अन्य सवाल पर कहा कि पार्टी संगठन से क्या मदभेद रहे क्या नहीं, इसके अतीत में वह नहीं जाना चाहते। जब बदलाव की मांग की थी तो हुई नहीं, अब सभी एकजुट होकर चुनाव मैदान में है। कांग्रेस चुनाव जीतेगी।

चुनौतियों के बिना जीवन कैसा

मुख्यमंत्री ने एक अन्य सवाल पर कहा कि वह जीवन क्या, जिसमें चुनौतियां न हों। जीवन हमेशा चुनौतीपूर्ण होना चाहिए। दरअसल उनसे पूछा गया था कि भाजपा में कांग्रेस के कई बड़े नेता जा रहे हैं, ये क्या मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के लिए नई चुनौती नहीं है। सीबीआई ईडी ने जांच शुरू कर रखी है, इसी के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनौतियां तो जीवन में होती ही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App