कुरुक्षेत्र पधारेंगे राष्ट्रपति कोविंद

By: Oct 20th, 2017 12:02 am

चंडीगढ़ —  धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में हर साल आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में इस बार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। महोत्सव 17 नवंबर से तीन दिसंबर तक चलेगा और राष्ट्रपति महोत्सव के दौरान गीता यज्ञ और गीता पूजन समारोह में भी हिस्सा लेंगे। इस बार मॉरीशस भागीदार देश के रूप में और उत्तर प्रदेश भागीदार राज्य के रूप में हिस्सा लेगा। इस दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और मॉरिशस के पूर्व पीएम अनिरुद्ध जगन्नाथ आएंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के परिसर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का उद्घाटन भी करेंगे। उन्होंने बताया कि इस साल महोत्सव में 25 से 30 लाख लोगों के भाग लेने की संभावना है, जबकि पिछले साल लगभग 20 लाख लोग आए थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ व पूजन में हिस्सा लेंगे। इसी दिन राष्ट्रपति द्वारा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का उद्घाटन भी करेंगे। अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 25 नवंबर से लगातार तीन दिन तक चलेगी। संगोष्ठी का समापन पुरुषोत्तमपुरा बाग ब्रह्मसरोवर पर आयोजित संत सम्मेलन के साथ होगा, जिसमें देश के प्रख्यात संत-ज्ञानीजन हिस्सा लेंगे। 30 नवंबर को  अभिनेत्री हेमा मालिनी ‘राधा रास विहारी’ की प्रस्तुति देंगी।

 सरस मेले में संस्कृतियों का मिलन

17 नवंबर से तीन दिसंबर तक चलने वाले मुख्य कार्यक्रमों में से एक विशाल शिल्प एवं सरस मेले में राष्ट्रीय एव अंतरराष्ट्रीय ख्याति के कलाकारों एवं शिल्पियों का महाकुंभ महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण होगा। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा ब्रह्मसरोवर पर भव्य प्रर्दशनियों का आयोजन, रंगोली, चित्रकला एवं छायाचित्रण प्रतियोगिताएं, गीता पुस्तक मेला, हरियाणा के विकास एवं उन्नति विषयक प्रदर्शनियां, मैराथन दौड़ इस उत्सव के मुख्य कार्यक्रम होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App