क्या खरीदें धनतेरस पर

By: Oct 15th, 2017 12:05 am

सोना चांदी और पीतल धातु की बनी कोई वस्तु बरतन या सिक्के खरीदना धनतेरस के दिन शुभ माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन जो कीमती वस्तु खरीदी जाती है, वह जीवन में आपको तेरह गुना फायदा देती है। इसलिए आप कोई भी इन धातु से निर्मित उपकरण, सिक्का, आभूषण खरीद सकते हैं। बहुत से लोग इस दिन मां लक्ष्मी और प्रथम पूज्य गणेश जी की प्रतिमा या मूर्ति की खरीददारी भी करते हैं। मिट्टी या किसी धातु की बनी मूर्ति खरीदने से परिवार में वर्ष भर लक्ष्मी जी का आशीर्वाद बना रहता है। लोग इस दिन झाड़ू की खरीददारी करना भी शुभ मानते हैं। नया झाड़ू लाने से साल भर आपस के रिश्तों व परिवार के सदस्यों के बीच फैली नकारात्मक भावना का नाश होकर नई ऊर्जा का संचार होता है। धातु की चीजों में पानी पीने या रखने का बरतन, किसी धातु का बना दीपक, कटोरी, घंटी या खाना बनाने का कोई बरतन जिसका हम दैनिक जीवन में अधिकतर उपयोग करते हैं, खरीदा जाना अच्छा माना जाता है। इसके अतिरिक्त कुबेर की तस्वीर और धनिया खरीदना भी शुभ माना जाता है।

धनतेरस पर टोटके

व्यापारी वर्ग धनतेरस के दिन कुबेर और लक्ष्मी की पूजा के साथ साथ कुछ टोटके और चमत्कारी उपाय भी करते हैं, जो उनके कारोबार को बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं कुछ लोग सुबह उठने के बाद किसी का मुंह देखने से पूर्व अपना हाथ देखते हैं। ऐसा माना जाता कि अपना हाथ रोजाना देखने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। चमगादड़ के रहने वाले पेड़ के कुछ पत्ते या टहनी अपने घर जरूर रखें। धनतेरस के दिन उपवास रखना चाहिए तथा भोजन करने से पूर्व पहला निवाला गाय के लिए निकालें। इस दिन पौधारोपण अवश्य करें। संभव हो तो केले का एक पौधा जरूर लगाएं। पीडि़त दीन- दुखी की धनतेरस के दिन दिल खोलकर आर्थिक मदद करें। ऐसा करने से कई गुना संपति आपको प्राप्त हो सकती है। इस दिन सफेद रंग की वस्तु या बरतन दान करने चाहिए। धनतेरस के दिन कुबेर यंत्र लाएं और इन्हें मंत्रोच्चार के साथ संदूक या अलमारी में सहेज कर रखें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App