घोषणा से पहले ही प्रचार में प्रत्याशी

By: Oct 18th, 2017 12:05 am

ऊना – जिला ऊना के पांच विस क्षेत्रों में चुनावी दंगल सज गया है। कांग्रेस पार्टी ने पांचों विस क्षेत्रों पर अपने योद्धा तय कर लिए है, वहीं भाजपा ने गगरेट विस क्षेत्र को छोड़ अन्य चारों सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम अंतिम कर दिए है। हालांकि मंगलवार शाम तक दोनों ही दलों ने अपने प्रत्याशियों की अधिकारिक सूची जारी नहीं की, लेकिन पार्टी हाईकमान से इशारा मिलने के साथ ही प्रत्याशियों ने विस क्षेत्रों में अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनावों के लिए जिला ऊना की पांच विधानसभा सीटों में से चार पर अपने प्रत्याशी तय कर लिए है, जबकि गगरेट विस क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के चयन पर अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने जिला से अपने तीनों मौजूदा विधायकों को पुनः चुनावी समर में उतारने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कांग्रेस ने ऊना विस क्षेत्र में पुराने प्रत्याशी पर ही दांव खेला है। जबकि कुटलैहड़ विस क्षेत्र में एक बार फिर से कांग्रेस ने भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में आए प्रत्याशी पर ही विश्वास जताया है।  विधानसभा चुनावों में मिशन रिपीट के लिए प्रयासरत कांग्रेस ने पिछली दफा चुनाव लड़े चार प्रत्याशियों को इस बार फिर से पुनः चुनावी समर में उतारने का मन बना लिया है, वहीं कुटलैहड़ में इस बार नए चेहरे पर दांव खेला है। कांग्रेस ने हरोली विस क्षेत्र से उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को लगातार चौथी दफा पार्टी प्रत्याशी बनाया है। वहीं, गगरेट विस क्षेत्र से विधायक राकेश कालिया भी चौथी दफा चुनावी मैदान में उतरेंगे। विधायक राकेश कालिया दूसरी बार गगरेट विस क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे,जबकि वह दो बार चिंतपूर्णी विस क्षेत्र से भी चुनाव लड़कर जीत दर्ज कर चुके है। चिंतपूर्णी विस क्षेत्र से विधायक कुलदीप कुमार पांचवी बार विधायक की पारी खेलने के लिए मैदान में उतरेंगे। ऊना सदर विस क्षेत्र से कांग्रेस ने सतपाल रायजादा पर विश्वास कायम रखा है। सतपाल रायजादा ने 2012 विस चुनावों में भी चुनाव लड़ा था तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को कड़ी चुनौती दी थी। कुटलैहड़ विस क्षेत्र में लगातार दूसरी बार भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए नेता को कांग्रेस ने टिकट दी है। पिछली दफा रामदास मलांगड़ को कांग्रेस ने टिकट दिया था, इस बार भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए बीडीसी उपाध्यक्ष देवेंद्र भुट्टो पर कांग्रेस दांव खेलने जा रही है। भाजपा ने ऊना सदर विस क्षेत्र से प्रदेश भाजपाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को चौथी बार प्रत्याशी बनाया है। सतपाल सिंह सत्ती जीत का चौका लगाने के लिए मैदान में उतरेंगे। जबकि कुटलैहड़ विस क्षेत्र से मौजूदा विधायक विरेंद्र कंवर भी चौथी बार चुनावी रण में उतर रहे है। चिंतपूर्णी विस क्षेत्र से पूर्व विधायक बलबीर चौधरी को पार्टी प्रत्याशी बनाया गया है,जबकि हरोली विस क्षेत्र से प्रो. रामकुमार पर पार्टी ने अपना विश्वास जताया है। गगरेट विस क्षेत्र भाजपा के लिए परेशानी का सबब बना है। यहां से पिछली दफा प्रत्याशी रहे सुशील कालिया का नाम काट कर पहले राजेश ठाकुर का नाम तय किया गया, लेकिन बाद में इस क्षेत्र से महिला प्रत्याशी को उतारे जाने की चर्चा हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App