टुथपिक से बनाए भगवान शिव-गिटार प्लेयर

By: Oct 25th, 2017 12:15 am

नाहन के अभिमन्यु अत्री का हुनर देख हर कोई हैरान, देश भर में ढूंढ रहा सहयोगी कलाकार

नाहन – क्या इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि छोटी सी टुथ पिक से कोई सुंदर कलाकृतियां भी तैयार कर सकता है। जी हां, ऐसा हुनर नाहन के अभिमन्यु अत्री(26) के हाथों में है। नाहन के गुन्नूघाट का निवासी अभिमन्यु अत्री शायद देश का एकमात्र ऐसा कलाकार है, जिसने टूथ पिक से ऐसी कलाकृति तैयार की है, जो फिलहाल दुर्लभ है। अभिमन्यु ने टुथ पिक से एक भगवान शिव की प्रतिमा व एक गिटारिस्ट की कलाकृति तैयार की है, जिसे देखकर लोग अवाक रह जाते हैं। अभिमन्यु का कहना है कि उसने सोशल मीडिया पर टुथ पिक आर्ट बनाने वाले कलाकारों को बहुत ढूंढा, परंतु भारत वर्ष में फिलहाल कोई टुथ पिक आर्ट से कलाकृति बनाने वाला कलाकार उन्हें नहीं मिला है। अभिमन्यु का कहना है कि यदि कोई टुथ पिक आर्ट का कलाकार है तो वह उससे संपर्क कर देश के लिए अभूतपूर्व कलाकृतियां तैयार करना चाहता है। फिलहाल अभिमन्यु को विदेशों के करीब एक दर्जन कलाकार तो मिले हैं, परंतु भारत में फिलहाल कोई टुथ पिक से कलाकृति बनाने वाला कलाकार नहीं मिला है। अभिमन्यु को एक कलाकृति को तैयार करने में पांच से सात दिन का समय लगता है। वर्तमान में वह नाहन व प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर दिल्ली गेट स्थित लिटन मेमोरियल को टुथ पिक से तैयार कर रहा है। गुन्नूघाट निवासी राजकुमार अत्री व निर्मल अत्री के पुत्र अभिमन्यु अत्री ने नाहन स्थित आर्मी स्कूल से जमा दो की परीक्षा के बाद पीजी कालेज नाहन से स्नात्तक की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उसके बाद वह मर्चेंट नेवी में नौकरी कर चुका है। अभिमन्यु का कहना है कि वह अपने द्वारा तैयार की गई कलाकृति को सोशल मीडिया पर शेयर करता है, ताकि उसे कोई सहयोगी कलाकार भी मिल सके। अभिमन्यु ने टुथ पिक से तैयार विभिन्न प्रकार की वस्तुएं दोस्तों को भी गिफ्ट की हैं।

जल्द लगाई जाएगी प्रदर्शनी

नाहन के युवा टूथ पिक आर्ट कलाकार अभिमन्यु अत्री का कहना है कि फिलहाल वह टूथ पिक आर्ट की कलाकृतियों का संग्रह बनाना चाहता है। फिर इसकी एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। अभिमन्यु का कहना है कि यह आमदनी का भी एक अच्छा जरिया बन सकता है। अभिमन्यु स्पेशल स्कूल के बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उन्हें टूथ पिक आर्ट की कला सिखाने की जिज्ञासा रखते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App