दामला में मनाया महिला किसान दिवस

By: Oct 16th, 2017 12:02 am

कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने केंद्र-प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की दी जानकारी

यमुनानगर  —  चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के स्थानीय कृषि विज्ञान केन्द्र दामला द्वारा ’महिला किसान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला किसानों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है। कार्यक्त्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र दामला के संयोजक एवं प्रधान वैज्ञानिक डा. बलदेव राज कांबोज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। महिला किसान दिवस कार्यक्रम में मुख्यातिथि एवं केंद्र के संयोजक एवं प्रधान वैज्ञानिक डा. बलदेव राज कांबोज ने महिला किसानों को बताया कि महिलाएं आज के दौर में पुरूषों से किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है और हर क्षेत्र में महिलाएं पुरूषों से मुकाबला कर रही है। इसलिए कृषि क्षेत्र में भी महिलाएं अपनी विशेष भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए अनेकों प्रकार की योजनाएं चलाई गई हैं और इन योजनाओं की जानकारी न होने के कारण किसान एवं महिलाएं इन योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रही है, इसलिए सबसे पहले महिलाओं को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने महिला किसानों को सुकन्या योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सिंचाई जल योजना, बूंद बूंद सिंचाई, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के साथ-साथ अनेकों योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। मृदा वैज्ञानिक डा. नरेंद्र गोयल ने कार्यक्रम में महिला किसानों को कहा कि हर फसल से पहले मिट्टी परीक्षण अवश्य करवाना चाहिए तथा पौधा संरक्षण वैज्ञानिक डा. रणबीर टाया ने बीच उपचार तथा डा. अनिल ने घर आंगन में पौधे लगाने पर जोर दिया।  कार्यक्रम में केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डा. नरेंद्र गोयल, पौध सरंक्षण वैज्ञानिक डा. रणबीर टाया व कृषि वानिकी वैज्ञानिक डा. अनिल ने महिला किसानों को कृषि से संबंधित जानकारियां दी और कहा कि महिलाएं कृषि क्षेत्र में भी अपनी सहभागिता कर अच्छा कार्य कर सकती है। इस मौके पर प्रगतिशील महिला किसानों को केंद्र द्वारा सम्मानित भी किया गया। फसल अवशेष प्रबंधन में गांव रादौरी की महिला किसान सीमा रानी, धान की सीधी बिजाई के क्षेत्र में गांव बकाना की महिला किसान बाला, पशुपालन में गांव दामला की राजेंद्र कौर व खुम्ब उत्पादन के क्षेत्र में दामला की अमरकौर को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्त्रम में लगभग 40 महिला किसानों ने भाग लिया व कृषि वैज्ञानिकों से विचार-विमर्श किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App