दीयों से जगमगा उठेगी अयोध्या

By: Oct 17th, 2017 12:02 am

एक साथ पौने दो लाख दीप जलाकर विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी

अयोध्या— मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी में छोटी दीपावली को पौने दो लाख दीये जलाकर विश्व रिकार्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अयोध्या को पर्यटन की दृष्टि से विश्व मानचित्र पर स्थापित करने के लिए दीपावली को खास बनाने की तैयारी में पौने दो लाख दीप जलाने के लिए विशेष तकनीक का इस्तेमाल होगा। इस आयोजन के लिए प्रदेश सरकार के आमंत्रण पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड का खिताब नौ बार अपने नाम करने वाली गुजरात की इमेजिनेशन कंपनी के प्रबंधक अयोध्या पहुंच गए हैं। विश्व रिकार्ड बनाने पर निगरानी रखने वाली संस्था के निश्चल बरोड और प्रवीण बरोड ने बताया कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड बनाने के लिए उसके गाइड लाइन के अनुसार कार्य करना होता है। पहली शर्त यह है कि एक से लेकर अंतिम संख्या तक के दीपक निर्धारित समय तक जलते रहने चाहिए। उन्होंने बताया कि इसमें मिट्टी के ही दीयों का प्रयोग किया जाना चाहिए। इवेंट में संबंधित दीयों की गिनती काउड्रेड मेथड से की जाती है। इसके लिए पहले कार्यक्रम स्थल पर अलग-अलग माप चाहे वह एक फिट हो या मीटर का वर्ग बनाया जाएगा। इन वर्गों में फिर दीपकों को सजाया जाएगा। फिर एक वर्ग के दीपकों की कुल संख्या को संबंधित दीयों की संख्या से गुणा करके निकाला जाएगा। विशेषज्ञों ने बताया कि इसके पहले दीयों में रखी जाने वाली सूती बत्ती को दो दिन पहले ही तेल या घी में भिगोया जाएगा, जिससे कि वह पर्याप्त मात्रा में द्रव्य को सोखकर आसानी से जल सकें। इसके अलावा अलग-अलग वर्गों में दीयों को जलाने के लिए अलग-अलग स्वयंसेवक तय किए जाएंगे। यह स्वयंसेवक छड़ी में मोमबत्ती जोड़कर दूर से बत्तियों को जलाएंगे, जिससे उनके घायल होने की कोई संभावना नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि पौने दो लाख दीयों को जलाने के लिए दो हजार से अधिक स्वयंसेवक डा. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय एवं उससे संबंधित विभिन्न महाविद्यालय से लिए गए हैं। इनमें एनसीसी, सेंट जान एंबुलेंस, एनएसएस तथा अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App