ननखड़ी में बस खाई में गिरी, दो की मौत

By: Oct 22nd, 2017 12:10 am

ननखड़ी —  शिमला के ननखड़ी में चढ़ी के समीप एक निजी बस के शनिवार को भैया दूज पर करीब 100 फुट गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह निजी बस राजटा कोच (एचपी 63ए-1611) नागाधार से शिमला के लिए रवाना हुई। सुबह करीब साढ़े पांच बजे ननखड़ी से करीब दो किलोमीटर आगे चढ़ी नामक स्थान पर यह बस गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में देवी सिंह (होमगार्ड, उम्र 53 साल) निवासी नागाधार और कनकु देवी (उम्र 50 साल) निवासी नागाधार की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, एएसआई पुष्प राज के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में एक महिला इंदु देवी और गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आईजीएमसी शिमला के लिए रैफर किया गया है। शवों का पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार ननखड़ी नंद लाल सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और मृतकों के आश्रितों को 10-10 हजार व घायलों को पांच-पांच हजार रुपए की राशि फौरी राहत के तौर पर दी। डीएसपी देव कुमार नेगी ने कहा कि हादसा की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टि में यह चालक की लापरवाही मानी जा रही है। घायलों में अमर सिंह पुत्र स्व. धेनु राम गांव विकासनगर, हिंदु देवी पत्नी अमर सिंह गांव विकासनगर, अरविंद पुत्र अमर सिंह विकासनगर, हरदयाल सिंह पुत्र धेनुराम विकासनगर, प्रियंका कुमारी पुत्री हरदयाल सिंह विकासनगर, बृजेश पुत्र हरदयाल सिंह विकासनगर, रवि मेहता पुत्र बिहारी लाल गांव नागाधार, दीक्षा पुत्री स्व. रमेश चंद नागाधार, प्रवीण पुत्र चैन राम नागाधार व सुनील कुमार पुत्र हरिचंद कोटगढ़ शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App