पहले भांजा; फिर भतीजा अब चाचा बनेंगे चुनौती

By: Oct 14th, 2017 12:00 am

 

भरमौर —  रिश्तों की डोर बेशक टूटे नहीं टूटती, लेकिन सियासत इंसान को अपनों के खिलाफ भी जंग में उतरने के लिए मजबूर कर देती है। फिर चाहे मैदान में कामयाबी भले ही मिले या न मिले, लेकिन संबंधों की नींव यू ही बरकरार रहती है। चंबा जिले के जनजातीय विधानसभा क्षेत्र भरमौर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के साथ पिछले दो चुनावों से अजीब इतफाक हो रहा है। चुनावी दंगल में प्रतिद्वंदी को मात देने से पहले उन्हें अपनों का भी सामना करना पड़ता रहा है। विधानसभा चुनाव चाहे वर्ष 2007 को हो या फिर 2012 का, उन्हें अपनों का प्रत्यक्ष रूप से सामना करना पड़ा है। वहीं इसी वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के समक्ष यह स्थिति पैदा हो सकती है, अगर भाजपा हलके से अपना चेहरा बदलती है तो अहम है कि हिमाचल सरकार में कैबिनेट मंत्री और भरमौर हलके के विधायक ठाकुर सिंह भरमौरी को पिछले दो विस चुनाव में अपने ही रिश्तेदारों का चुनावी दंगल में सामना करना पड़ा है। हिमाचल विधानसभा के वर्ष 2007 के चुनावों में ठाकुर सिंह भरमौरी के रिश्ते में लगने वाले भांजे बलवीर सिंह बहुजन समाजवादी पार्टी की ओर से भरमौर विधानसभा क्षेत्र से केंडीडेट रहे थे। इस चुनाव में ठाकुर सिंह भरमौरी को हार का सामना करना पड़ा था और भाजपा की तरफ से मैदान में उतरे पूर्व विस अध्यक्ष तुलसी राम महज 16 मतों के अंतर से विजयी हुए थे। लिहाजा उस दौरान ठाकुर सिंह भरमौरी के भांजे बलवीर सिंह ने तीन के आंकडे़ में मत हासिल किए थे। नतीजतन वर्ष 2007 के चुनाव में ठाकुर सिंह भरमौरी की हुई हार की नींव कहीं न कहीं उनके भांजे ने ही रख दी थी। वहीं वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में ठाकुर सिंह भरमौरी का सामना अपने ही भतीजे से भी हुआ। चूंकि हलके से वर्ष 2012 में रिश्ते में उनका भतीजा मोहिंद्र सिंह उर्फ  शिवू आजाद केंडीडेट के रूप में मैदान में उतर चुके थे और इस दौरान उन्होंने 893 मत भी हासिल कर लिए, लेकिन इस चुनाव में ठाकुर सिंह भरमौरी ने अपनी प्रतिद्वंदी भाजपा उम्मीदवार जिया लाल कपूर से 3467 मतों से जीत हासिल कर ली। वहीं इस वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनावों में ठाकुर सिंह भरमौरी के समक्ष रिश्ते में उनके चाचा लगने वाले देश के प्रसिद्व न्यूरो सर्जन डा. जनक राज भाजपा की ओर से टिकट पर दावेदारी जता चुके हैं


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App