पुढ़वा में कागजों में ही बना बस स्टैंड

By: Oct 17th, 2017 12:05 am

धीरा —  सुलाह विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक केंद्र पुढ़वा में निर्मित होने वाला बस अड्डा कांग्रेस सरकार के सत्ता संभालने के शुरुआती दौर में की गई घोषणा के बाद भी शुरू नहीं हो सका, जिसको लेकर क्षेत्रवासियों में रोष है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में सत्ता संभालने वाली कांग्रेस सरकार के सुलाह विधानसभा क्षेत्र के प्रथम शीतकालीन प्रवास दौरे के दौरान जनवरी 2013 में परिवहन मंत्री जीएस बाली एवं स्थानीय विधायक तथा मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल की मांग पर पुढ़बा में 50 लाख की राशि से बस अड्डा के निर्माण की घोषणा की गई थी। इस घोषणा से क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई थी। कांग्रेस के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कि इस घोषणा से क्षेत्रवासी बेहतर बस सुविधा के लिए आशान्वित हो गए थे। याद रहे कि परिवहन निगम की ओर से रझूं, नगरोटा, पालमपुर की ओर से आने वाली कुछ बसों के रूट धीरा तक ही निर्धारित किए गए हैं, जिसके कारण पुढ़वा, नौरा, थालियाल, बलोटा, क्यारवां, सरूट, घराना, तमलोह, दनाई, थुरल, नागणी व मुंडी आदि क्षेत्रों से आने वाली जनता को बस सुविधा के लिए लंबा इंतजार करने को विवश होना पड़ता है। क्षेत्रों में बस कनेक्टिविटी का आभाव आम जनता के लिए एक परेशानी का सबब है। क्षेत्रवासियों को क्षेत्र की जनता को मुख्यमंत्री की पूर्व में बस अड्डा निर्माण करने की घोषणा से जनता को बेहतर बस सुविधा की उम्मीद बंध गई थी। करीब साढ़े चार वर्ष पहले मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा को आज तक अमली जामा न पहनाया जाना क्षेत्रवासियों में एक रोष का कारण बन गया है। पंचायत समिति भेडू महादेव के अध्यक्ष सुनील मेहता का कहना है कि पुढ़बा में बस अड्डे का निर्माण करने की घोषणा को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा पूरा न किया जाना चंगर क्षेत्र की जनता से कुठाराघात है । उनका कहना है कि यदि पुढ़वा में बस अड्डे का निर्माण प्रदेश सरकार द्वारा नहीं करवाया जाना था, तो मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल ने इस घोषणा को क्यों करवाया। उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता से कांग्रेस सरकार का भद्दा मजाक बताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App