प्रदेश में बढ़ने लगी ठिठुरन

By: Oct 25th, 2017 12:15 am

अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट

शिमला — हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को भी राज्य के अधिकांश क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट आंकी गई है। हालांकि मौसम विभाग ने राज्य में 30 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई है। मगर विभाग ने इस दौरान तापमान में उतार  चढ़ाव का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान लगाया है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा, लेकिन ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आंकी गई है। सुंदरनगर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 2.0 डिग्री की गिरावट आई है। सुंदरनगर का पारा 30.4 डिग्री से लुढ़ककर 28.0 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा शिमला,  भुंतर, धर्मशाला, नाहन और कांगड़ा में एक डिग्री तक तापमान गिरा है। वहीं प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में भी बीते रोज के मुकाबले गिरावट रिकार्ड की गई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 20.4, सुंदरनगर में 28.6, भुंतर में 27.6, कल्पा में 17.4, धर्मशाला में 25.4, ऊना में 33.0, नाहन में 26.6, सोलन में 26.0 और कांगड़ा में 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि समूचे प्रदेशमें 30 अक्तूबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मगर इस दौरान तापमान में उतार चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App