फेस्टिवल सीजन… निगम ने कमाए लाखों

By: Oct 23rd, 2017 12:10 am

ऊना —  हिमाचल पथ परिवहन निगम ने इस बार त्योहारी सीजन पर लाखों रुपए कमाए हैं। दिवाली त्योहार के एक दिन पहले जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से 18 स्पेशल बसें दिल्ली, चंडीगढ़ रूट पर भेजी गई। वहीं, इसके अलावा त्योहारी सीजन खत्म होने के साथ ही रविवार को भी हिमाचल पथ परिवहन निगम ऊना की ओर से लोगों को बेहतर सुविधा मुहैया करवाने के लिए 22 स्पेशल बसें चंडीगढ़ के लिए भेजी गई हैं। त्योहारी सीजन के दौरान इस निगम की ओर से 40 से अधिक स्पेशल बसें भेजी गई हैं। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि इस बार त्योहारी सीजन के चलते निगम ने लाखों रुपए कमाए हैं। रविवार को ऊना बस अड्डे पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। त्योहारी सीजन के खत्म होते ही प्रदेश के बाहरी राज्यों चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा में नौकरी या फिर व्यवसाय करने वाले लोग अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके चलते बस अड्डा भारी भरकम भीड़ रही। बस अड्डा में उमड़ी भीड़ को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से स्पेशल बसें लगाने का निर्णय लिया गया। शाम तक एचआरटीसी की ओर से चंडीगढ़ रूट पर स्पेशल बसें भेजी गईं। बस अड्डा में अपने गंतव्य की ओर जाने वाले यात्रियों में अमर सिंह, हरभजन सिंह, सुरेंद्र कौर, प्रीतपाल, रमेश चंद, त्रिपता देवी, दीक्षा, पूजा, साक्षी, अमन, सुरेश ने बताया कि बसों में लोगों की भारी भीड़ थी। इसके चलते उन्हें समस्या का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की ओर से स्पेशल बसें लगाई गई, जिनका लाभ लोगों को मिला। उन्होंने कहा कि निगम की ओर से बेहतर सेवाएं प्रदान की गई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App