बूंदाबांदी से मनाली का पारा लुढ़का

By: Oct 13th, 2017 12:15 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, 20 तक बारिश के आसार नहीं

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में 20 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विभाग ने समूचे राज्य में आगामी सप्ताह भी मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। इसके चलते कांगड़ा, बिलासपुर व नाहन को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी आंकी गई है। बीते 24 घंटों के दौरान मनाली में बूंदाबांदी रिकार्ड की गई। मनाली में 1.2 मिलीमीटर बारिश आंकी गई, जिससे मनाली के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। मनाली का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 5.2 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं, कल्पा, केलांग के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आने से उक्त क्षेत्रों में सुबह-शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। गुरुवार को नाहन के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 1.0 डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा कांगड़ा व बिलासपुर में 0.4 डिग्री तक की गिरावट आई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 24.0, सुंदरनगर में 30.9, भुंतर में 31.5, कल्पा में 21.2, धर्मशाला में 28.8, ऊना में 35.8, नाहन में 27.0, सोलन में 27.2, कांगड़ा में 31.2, चंबा में 31.3, डलहौजी में 18.3, बिलासपुर में 31.3 और हमीरपुर में 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में आगामी सप्ताह भी मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App