भाजपा एकजुट, नैहरिया नहीं लड़ेंगे चुनाव

By: Oct 24th, 2017 12:08 am

कांग्रेस पर साधा निशाना; दिया गलत एफेडेविट, भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर को दिया समर्थन

धर्मशाला – धर्मशाला विधानसभा में भाजपा अब एकजुट हो गई है। भाजपा के नेता एवं पार्षद ओंकार सिंह नैहरिया ने चुनावी मैदान में उतरने की बजाय भाजपा पार्टी एवं प्रत्याशी किशन कपूर का समर्थन कर दिया है। धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री किशन कपूर, एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा, नगर निगम धर्मशाला के पार्षद ओंकार नैहरिया, पार्षद सर्वचंद गलौटिया, विरेंद्र परमार और शेखर आंनद ने अपनी एकजुटता का ऐलान किया। इसके साथ ही कांग्रेस और प्रत्याशी सुधीर शर्मा पर भी निशाना साधा है। पूर्व मंत्री किशन कपूर ने कहा कि भाजपा प्रदेश के साथ-साथ देशभर में विकास करवाने के लिए इरादे से जनता के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में अब जमीनी स्तर पर कार्य करने के लिए जुट गए हैं। धर्मशाला की भाजपा एकजुट होकर विकास कार्य करवाए जाने के लिए आगे बढ़ेगी।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अब तक बिटिया मामले, माफियाराज, गुंडागर्दी और स्वार्थ की राजनीति की है। एचपीसीए प्रवक्ता एवं भाजपा नेता संजय शर्मा ने कहा कि सुधीर शर्मा ने गलत एफेडेविट जमा करवा दिया है। उन्होंने कहा कि विधायक एवं मंत्री सुधीर शर्मा की संपत्ति कई गुना बढ़ गई है।  उन्होंने कहा कि जहां वर्ष 2012 के विधानसभा चुनावों में दायर शपथ पत्र में सुधीर शर्मा ने पत्नी की आय नगन्य दर्शाई है। वहीं, वर्ष 2017 के शपथ पत्र में पत्नी की आय 27 लाख दशाई है। यही नहीं, चल संपत्ति वर्ष 2012 में 1.96 करोड़ दर्शाई गई थी, जो कि वर्ष 2017 में 2.16 करोड़ दर्शाई गई है। जबकि सत्य यह है कि सुधीर शर्मा के आवासीय भवन का बाजार मूल्य कहीं अधिक है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सभी मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की ईडी से जांच करवाई जाए।

ओंकार नैहरिया बोले, मैं पार्टी का सिपाही

भाजपा के तेज तर्रार नेता एवं धर्मशाला के पार्षद ओंकार सिंह नैहरिया ने कहा कि वह पार्टी के सिपाही हैं। वह पार्टी के लिए मिलकर कार्य करेंगे और विकास के कार्यों को आगे ले जाएंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र में विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं, जिन्हें प्रदेश में सही तरीके से लागू किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App