भाजपा की नकल कर रही कांग्रेस

By: Oct 22nd, 2017 12:01 am

मंगल पांडे के बोल, पहले इतनी लाचार नहीं देखी पार्टी

शिमला – कांग्रेस के पिछले 60 सालों के राजनीतिक इतिहास को देखें, तो आज से पहले कांग्रेस इतनी लाचार कभी नजर नहीं आई, इसके पीछे इनके अपने कारण भी हैं। कांग्रेस के पास कोई सशक्त चेहरा नहीं है, कांग्रेस के पास विकास नीतियों को जुझारू रूप से जमीनी हकीकत से मिलाने की रणनीति नहीं है और न ही कांग्रेस के पास नवीनतम या रचानत्मक सुझावों का अभाव। ये शब्द भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे ने कहे। श्री पांडे ने कहा कि हिमाचल विस चुनाव में देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस की रचनात्मक कमियों की पोल खुलकर सामने आई है। उन्होंने कहा है कि अपनी हार को देखते हुए कांग्रेस अब इतनी बौखला गई है कि भाजपा द्वारा चलाए गए अभियानों की नकल करने से भी पीछे नहीं हट रही। हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने जनता के हितों की मांग को देखते हुए कांग्रेस के खिलाफ हिसाब मांगे हिमाचल अभियान शुरू किया, तो कांग्रेस ने अफरा-तफरी में हिसाब देने की बजाय उसी अभियान की नकल करते हुए जवाब देगा हिमाचल अभियान चला दिया। हालांकि भाजपा के अभियान को जनता का अपार समर्थन मिला, तो वहीं कांग्रेस के अभियान की सचाई उनकी रैलियों व सभाओं में खाली कुर्सियों ने दर्शा दी। उन्होंने कहा कि साफ तौर पर जाहिर हो गया कि कांग्रेस और भाजपा के बीच सिर्फ सकारात्मक कार्यशैली का ही नहीं, बल्कि रचनात्मक विचारों एवं सुझावों का भी अंतर है। शायद इसलिए भाजपा आज एक ऐसी पार्टी बनकर उभरी है, जो अपनी नीतियों का संदेश देश की जनता तक पहुंचाने के माध्यमों में कांग्रेस से कहीं ज्यादा आगे है। उन्होंने कहा की केंद्र सरकार की नीतियों से देश का जन-जन लाभान्वित हो रहा है। हिमाचल की वर्तमान सरकार केंद्र की नीतियों को प्रदेश में अमलीजामा पहनाने में असफल रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App